जबलपुर: राजस्व विभाग एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा गुरूवार को पनागर स्थित खाद्य सामग्री के विक्रय प्रतिष्ठानों की आकस्मिक जांच की। इस दौरान तीन प्रतिष्ठानों से कुल ढाई हजार रूपये का जुर्माना वसूला गया तथा परीक्षण हेतु खाद्य सामग्री के सेम्पल लिये गये।खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार दूषित एवं मिलावटी खाद्य सामग्री के विक्रय को रोकने चलाये जा रहे अभियान के तहत राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने गुरूवार को पनागर स्थित मनोज स्वीट एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया तथा स्टोर एवं किचन में गंदगी पाए जाने पर 1 हजार जुर्माना जमा कराया गया।
मनोज स्वीट एवं रेस्टोरेंट से स्टोर में संग्रह कर रखे हुए खोवा एवं नमकीन मिक्चर, बर्फी, कलाकंद, पेड़ा एवं मलाई रोल के सैंपल भी जांच हेतु लिए गए। इसी प्रकार जैन स्वीट से खोवा के दो सैंपल लिए गए तथा स्टोर में गंदगी पाए जाने पर 1 हजार रूपये का जुर्माना जमा कराया गया। आकस्मिक जांच अभियान के तहत बीकानेर स्वीट से भी खोवा और कलाकंद के सैंपल लिए गये तथा लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन पर 500 जुर्माना जमा कराया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच की कार्यवाही के दौरान लिये गये सभी नमूने परीक्षण हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे है। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
