सिंगरौली: बैंक ऑफ महाराष्ट्र की वैढ़न शाखा में 17 अप्रैल 2026 को हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना वैढ़न पुलिस ने डकैती की साजिश में शामिल दो और आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में चन्दन उर्फ चईया यादव (21 वर्ष) एवं गुलशन (19 वर्ष), दोनों निवासी खीरूबिगहा, थाना नगरनौसा, जिला नालंदा (बिहार) शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि रिमांड के दौरान कई अहम सुराग और अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि इस डकैती का मास्टरमाइंड सुबोध सिंह है, जो वर्तमान में बेऊर जेल, पटना में बंद है। उसने उड़ीसा के कुचिंडा जेल में बंद अपने सहयोगी पीयूष जायसवाल के माध्यम से पूरे षड्यंत्र को अंजाम दिलाया। गिरफ्तार दोनों आरोपी इस साजिश का अहम हिस्सा थे और डकैती के बाद लूट के माल को ठिकाने लगाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इससे पहले इस मामले में फंटूस, कमलेश, पंकज, राजेश और छोटू नामक आरोपियों की संलिप्तता सामने आ चुकी है। पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में एक संगठित आपराधिक गिरोह का नेटवर्क उजागर हुआ है, जो विभिन्न राज्यों में सक्रिय है।पूरे अभियान में उनि संदीप नामदेव, उनि उदयचंद करिहार, उनि अमन वर्मा, सउनि पप्पू सिंह, सउनि लेखचंद डोहार, प्रधान आरक्षक मुनेन्द्र राणा एवं आरक्षक गौतम कुमार का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि मामले में अभी दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। बरामद माल के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन जल्द ही इस दिशा में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
