बैतूल में बदला मौसम का मिजाज, न्यूनतम तापमान तीन डिग्री गिरा

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सर्दियों की आहट के साथ रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। रात और सुबह के समय गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है, जबकि दिन में तेज धूप के कारण गर्मी बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने का अनुमान है। शुक्रवार रात बैतूल के न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस था, जो कल रात गिरकर 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तापमान में अचानक आई गिरावट के कारण देर रात और सुबह के समय ठंड बढ़ गई है। लोगों को अब गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है। दूसरी ओर, दिन के तापमान में अभी कोई खास गिरावट नहीं आई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बैतूल में अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। दिन में तेज धूप निकलने के कारण गर्मी का असर बरकरार है। ऐसे में लोगों को दिन और रात के मौसम में अंतर महसूस हो रहा है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए 10 से 12 नवंबर के बीच न्यूनतम तापमान गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे सुबह और देर रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है। पिछले 10 दिनों के मौसम रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में अधिकतम तापमान 23 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया था। 29 अक्टूबर को दिन का तापमान गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसके बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी हुई। नवंबर की शुरुआत में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि न्यूनतम तापमान ज्यादातर 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के प्रति सतर्क रहने और विशेषकर सुबह तथा रात के समय ठंड से बचाव करने की सलाह दी है।

 

Next Post

खरगे-राहुल-प्रियंका ने दी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएँ

Sun Nov 8 , 2026
नयी दिल्ली, 08 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएँ दीं और सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि तथा खुशियों की कामना की। श्री खरगे ने सोशल मीडिया […]

You May Like