ग्वालियर: स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के उद्देश्य से नवांतुक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मेघसिंह सागर अचानक सिविल अस्पताल पहुंचे। यहाँ उन्होंने पूरे अस्पताल परिसर का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई तरह की अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई।
सीएमएचओ ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों के इलाज और उनके अधिकारों से समझौता करने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। सिविल अस्पताल में निरीक्षण के दौरान नवांतुक सीएमएचओ डॉ सागर ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण केंद्र और आपातकालीन इकाई का जायजा लिया।
उन्होंने वहाँ भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल से मिलने वाली सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों के व्यवहार के बारे में फीडबैक लिया। कुछ मरीजों द्वारा समय पर डॉक्टर न मिलने और बाहर की दवाइयाँ लिखे जाने की शिकायत पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही निर्माणाधीन अस्पताल की बिल्डिंग का भी जायजा लिया। इस औचक निरीक्षण से सिविल अस्पताल के अमले में पूरे समय हड़कंप की स्थिति बनी रही। निरीक्षण के दौरान सिविल अस्पताल के प्रभारी, वरिष्ठ डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
