सीधी। जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़खुरी कसिहवा में आज शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक कच्चे घर में भीषण आग लग गई, जिससे पूरा मकान जलकर खाक हो गया। हादसे में घर के अंदर मौजूद तीन अबोध बच्चों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान रिद्धि साकेत 06 वर्ष, संध्या साकेत 1.5 वर्ष एवं नागेंद्र साकेत 04 वर्ष पिता रामरतन साकेत के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बच्चों के पिता रामरतन साकेत 37 वर्ष पड़़रा में सुबह मजदूरी करने गये थे और मां ललिता साकेत उन्हें घर के अंदर छोड़कर उचित मूल्य की दुकान से खाद्यान्न लेने गई हुई थी। इसी दौरान अचानक घर में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोगों ने आग बुझाने और बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कोई भी अंदर नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, हालांकि तब तक घर के भीतर मौजूद तीनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। आगजनी की जानकारी मिलते ही मौके पर जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए है। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मर्चुरी लाया गया जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा पीएम किया गया।

घर में आग लगने से एक साथ तीन मासूम बच्चों की मौत के संबंध में जानकारी मिलते ही कलेक्टर विकास मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे । उन्होंने मौके पर पहुंच पीड़ित परिवार को आत्मबल देते हुए सरकार की तरफ से एवं स्थानीय लोगों से आर्थिक मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।
जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़खुरी कसिहवा में घर में आग लगने से घर के भीतर मौजूद तीन अबोध बच्चों की मौत से समूचे गांव में कोहराम मच गया, स्थिति को भांपते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने जमोड़ी थानें के साथ साथ कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय एवं उनकी टीम को भी मौके पर तैनात कर दिया था।
हादसे की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान मर्चुरी पहुंच कर पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली एवं संवेदना व्यक्त करते हुए अपनी ओर से मौके पर ही मृतक बच्चों के पिता को 5000 रुपए की आर्थिक मदद की तथा शासन स्तर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़खुरी कसिहवा में आग लगने से घर के भीतर कैद तीन अबोध बच्चों की मौत हो जाने की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने मुख्यमंत्री राहत कोष से 02 लाख रुपए देने की घोषणा की है। बता दें कि सूबे के मुखिया डॉ. मोहन यादव आज विंध्य के सतना एवं सिंगरौली जिले के दौरे पर थे ।
कसिहवा गांव में तीन बच्चों की मौत आग की चपेट में आने से हुई है। मुख्यमंत्री की तरफ से दो लाख रुपए पर बच्चे देने की घोषणा की गई है, वहीं राहत कोष से 04 लाख रुपए पर बच्चे देने की कार्यवाही की जा रही । इसके अलावा रेडक्रास से 20 हजार रुपए पर बच्चे जिला प्रशासन द्वारा आर्थिक मदद उपलब्ध कराई गई है। वहीं स्थानीय लोगों द्वारा भी 20 हजार रुपए की आर्थिक मदद की गई है ।
प्रधामनंत्री आवास प्लस -2 में उनका नाम है वो प्रक्रिया के अनुसार होगा, लेकिन उनके घर को अभी हम सबकी मदद से ठीक कराया जाएगा।
