
इंदौर। शहर में 15 नवंबर को दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग ने नोटिस जारी किया है। नोटिस में नशा, शराब और हथियार से जुड़े गाने नहीं गाने का प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं। उक्त नोटिस पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के पालन में जारी किया गया है।
प्रसिद्ध पंजाबी पॉप गायक दिलजीत दोसांझ के शो को लेकर स्थानीय महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने सी 21 मॉल के मैनेजर को नोटिस दिया है। नोटिस में हाईकोर्ट के आदेश के तहत नशा, शराब और हथियार से संबंधित बोल वाले गाने नहीं गाने का प्रतिबंध लगाया है।
उक्त नोटिस का कानूनी आधार है , जिसमें पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का 22 जुलाई 2019 जारी आदेश है। हाईकोर्ट ने आदेश में नशा और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गानों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस आदेश को ध्यान में रखकर सी-21 मॉल के आयोजन प्रबंधकों को निर्देश भेजे। इस निर्देश की एक प्रति इंदौर कलेक्टर और स्थानीय पुलिस को भी भेजी गई है।
नोटिस में जिन चार गानों को प्रतिबंधित किया गया है, वे हैं: ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘केस / जेब विचों अफीम लभिया’ और ‘जट्ट फायर करदा’। ये गाने शराब, नशा और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले माने गए हैं।
शिकायतकर्ता की मांगें और तर्क
शिकायतकर्ता चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवर ने 1 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने गानों के बोल बदलकर गाने की अनुमति भी न देने की मांग की है। इसके अतिरिक्त, बच्चों को मंच पर बुलाने और नकली बुलेट बेल्ट पहनने पर भी रोक लगाने की अपील की गई है।
शिकायतकर्ता ने तेज आवाज और चमकती लाइटों से बच्चों को होने वाले नुकसान पर भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि तेज आवाज बच्चों की सुनने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है। उनका तर्क है कि उक्त व्यवस्था हिंसक संस्कृति को बढ़ावा देती है, यह बच्चों के लिए घातक है।
दिलजीत दोसांझ का ऑरा इंडिया टूर और इंदौर कॉन्सर्ट
इंदौर में होने वाला दिलजीत दोसांझ का कार्यक्रम ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ का हिस्सा है। उक्त टूर देश के विभिन्न शहरों में आयोजित हो रहा है। 15 नवंबर को सी-21 मॉल में यह शो उनके फैंस के लिए खास माना जा रहा था।हालांकि, रोक के बावजूद उनके कुछ लोकप्रिय गाने अब इस कॉन्सर्ट में नहीं गाए जाएंगे। इससे कॉन्सर्ट में बदलाव की संभावना है।
