
रीवा। सिटी कोतवाली पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है। मामले में तीन तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं।
सीएसपी राजीव पाठक के निर्देश पर थाना प्रभारी निशा मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
*ऐसे हुआ खुलासा -* पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर में नशे की बड़ी खेप सप्लाई होने वाली है। सूचना पर पंचमठ मंदिर के पास घेराबंदी कर दो सप्लायर शाहिद उर्फ पिद्दी और आरिफ सिद्दीकी उर्फ सनी को पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से ब्राउन शुगर मिली।
*’मिस कॉल’ था कोड वर्ड -* पूछताछ में तस्करी का अनोखा तरीका सामने आया। तस्कर आपस में संपर्क के लिए ‘मिस कॉल’ को कोड वर्ड के रूप में इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने इसी ट्रिक का इस्तेमाल कर जाल बुना। पकड़े गए आरोपियों से मुख्य तस्कर को मिस कॉल करवाई गई और वह झांसे में आकर पकड़ा गया। मुख्य सप्लायर की पहचान गोपाल जी गुप्ता निवासी हजारी चौक के रूप में हुई।
*लग्जरी कार और एप्पल फोन जब्त -* आरोपियों से तस्करी में इस्तेमाल लग्जरी कार, एप्पल कंपनी के दो महंगे मोबाइल और एक स्मार्टफोन जब्त किया गया है। कॉल रिकॉर्ड्स से नेटवर्क खंगाला जा रहा है।
सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि खेप कहां से लाई गई और शहर में खरीदार कौन हैं।
