
रीवा, रीवा शहर में एक 13 साल के मासूम बच्चे ने आत्मघाती कदम उठाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. यह दुखद घटना शुक्रवार की रात करीब 8 बजे विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अनंतपुर इलाके में घटित हुई. मृतक बच्चा अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के संचालक प्रो. रामभूषण मिश्रा का इकलौता पुत्र था. इकलौते बेटे के इस तरह चले जाने का दुख पूरे परिवार पर टूट पड़ा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात जब परिवार के लोग अपने कामों में व्यस्त थे, तभी 13 वर्षीय बालक ने अपने कमरे के अंदर यह आत्मघाती कदम उठाया. काफी देर तक जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों ने जाकर देखा. कमरे का नजारा देखते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई; मासूम बच्चा फंदे पर लटका हुआ था. आनन-फानन में बदहवास परिजन बच्चे को फंदे से नीचे उतारकर तुरंत संजय गांधी अस्पताल लेकर भागे. अस्पताल में डॉक्टरों ने गहन परीक्षण के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों की घोषणा सुनते ही अस्पताल परिसर चीखों और आंसुओं से गूंज उठा. मासूम ने इतना बड़ा और आत्मघाती कदम किन कारणों के चलते उठाया है यह जांच का विषय है.
