सतना। पुलिस ने एक महीने के भीतर 17 लाख रुपए कीमत के 115 गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। इनमें कई मोबाइल दूसरे जिलों के अलावा अन्य राज्यों में इस्तेमाल किए जा रहे थे।
साइबर सेल और जिले के विभिन्न थानों की टीम ने तकनीकी सहायता से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर संबंधित स्थानों की पुलिस से समन्वय किया और उन्हें बरामद किया। पुलिस ने भारत सरकार के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर गुम मोबाइल की तलाश की। लोकेशन मिलने के बाद संबंधित जिलों और राज्यों की पुलिस से संपर्क कर मोबाइल वापस हासिल किए गए। शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे और साइबर सेल प्रभारी अजीत सिंह ने मोबाइल प्राप्त करने पहुंचे लोगों के दस्तावेजों और पहचान का सत्यापन किया। इसके बाद सभी 115 मोबाइल उनके मालिकों को सौंप दिए गए।
तत्काल करें शिकायत
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही भारत सरकार के पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें। इससे गुम या चोरी हुए मोबाइल के दुरुपयोग पर रोक लगाने में मदद मिलती है।
