अलवर, (वार्ता) राजस्थान में अलवर में दीपावली के त्योहार पर खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका के बीच अलवर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
आधिकारिक सूत्रोंं ने शुक्रवार को बताया कि नकली सरस घी की बिक्री की शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने लिली गांव में एक जनरल स्टोर पर छापा मारकर करीब 36 किलो सरस घी बरामद किया। यह घी दुकान के साथ-साथ दुकानदार के गांव स्थित घर में दो कार्टूनों में छिपाकर रखा हुआ था। प्रारंभिक निरीक्षण में घी के पैकेट मिलावटी एवं नकली प्रतीत होने पर विभाग ने दो नमूने जांच के लिए और शेष करीब 33 किलो घी जब्त कर लिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अलवर डॉ. योगेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यालय को नकली सरस घी की बिक्री की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने लिली गांव में प्रकाश जनरल स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान और दुकानदार के घर में दो पेटियों में रखे करीब 36 किलो सरस घी की जांच की गई। घी के पैकेटों के निरीक्षण में संदेह होने पर नमूने लेकर शेष घी जब्त किया गया।
दीपावली के दौरान मिठाइयों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जिले में अलग-अलग प्रतिष्ठानों से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। मालाखेड़ा मेगा हाईवे मुख्य चौराहे स्थित कृष्णा मिष्ठान भंडार से कलाकंद का नमूना लिया गया। इसी प्रकार मेगा हाईवे मालाखेड़ा स्थित मुस्कान मिष्ठान भंडार से भी कलाकंद का नमूना जांच के लिए लिया गया।
