शिवपुरी:शिवपुरी शहर में एक काले रंग के आवारा कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया. शहर के अलग-अलग इलाकों में घूम रहे इस कुत्ते ने बच्चों महिलाओं और पुरुषों समेत करीब 65 लोगों को काट लिया. घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां दिनभर मरीजों की भीड़ लगी रही. कुत्ते के हमलों से पूरे शहर में दहशत है.
इस आवारा कुत्ते के हमले की सबसे गंभीर घटना महल के पीछे लक्ष्मीबाई कॉलोनी रोड पर सामने आई जहां घर के बाहर खेल रही एक ढाई साल की मासूम बच्ची पर कुत्ते ने हमला कर दिया. कुत्ते ने बच्ची के चेहरे को अपने जबड़ों में जकड़ लिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बच्ची को बचाया। इस दौरान बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति को भी कुत्ते ने काट लिया. कुछ देर बाद इसी कुत्ते ने विजयपुरम निवासी बलराम सिंह रावत पर हमला कर उनके हाथ में काट लिया
बलराम सिंह ने बताया कि “कुत्ता अचानक दौड़ता हुआ आया और हमला कर भाग गया.” महल के पीछे रहने वाली 8 वर्षीय वंशिका भी कुत्ते के हमले का शिकार हुई. वहीं, सब्जी मंडी के सामने पंचर की दुकान पर काम कर रहे आजाद खान को भी कुत्ते ने काट लिया. नगर पालिका कर्मचारी अशोक खरे की पत्नी को भी इस कुत्ते ने घायल कर दिया. कमलागंज निवासी नितेश जाटव को गांधी पार्क के पास कुत्ते ने काट लिया हमले में वह गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें 22 टांके लगाने पड़े.
इन इलाकों के लोग काले कुत्ते के बने शिकार
उधर, ठंडी सड़क स्थित फ्रूट मंडी में फल व्यापारी रहीश राइन पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया. रहीश राइन मंडी में अपने काम में व्यस्त थे तभी कुत्ता अचानक पहुंचा और उनके हाथ में काट लिया. हमले के बाद कुत्ता मौके से भाग गया. यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज में कुत्ता अचानक व्यापारी पर हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है.
हनुमान चौराहा एमएम हॉस्पिटल क्षेत्र नवाब साहब रोड, खुड़ा बस्ती, कस्टम गेट, गांधी पार्क, ठंडी सड़क और लक्ष्मीबाई कॉलोनी सहित शहर के कई इलाकों से इसी काले रंग के कुत्ते द्वारा लोगों पर हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है.जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. यादव ने बताया कि “सुबह से शाम तक 60 से अधिक लोग कुत्ते के काटने के बाद अस्पताल पहुंचे हैं सभी का उपचार किया जा रहा है अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन और अन्य जरूरी संसाधन पर्याप्त हैं.”
पकड़ा गया काला कुत्ता
इस मामले को लेकर नगर पालिका शिवपुरी के सीएमओ इशांत धाकड़ का कहना है कि ” कई टीमें बनाकर इस आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों को निजात दिलवा कर इसे पकड़ लिया है. यह कुत्ता नगर पालिका के दस्ते को चकमा देकर कई बार हाथ से निकल गया था, लेकिन अब इसे पकड़ लिया गया है.
