
सीधी। जिला सत्कार अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल मंगुभाई पटेल का जिला सीधी में 25 से 26 फरवरी तक दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। राज्यपाल के दो दिवसीय दौरे हेतु व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने बैठक का आयोजन किया गया और निर्देश भी जारी किये गये हैं।
जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल 25 फरवरी 2026 को शाम 5.15 बजे हेलीपैड परसिली सीधी पहुंचेंगे। आगमन के पश्चात वे परसिली रिसॉर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दिन उनका समय आरक्षित रहेगा तथा परसिली रिसॉर्ट में ही रात्रि विश्राम करेंगे। 26 फरवरी को प्रात: 10.30 बजे ग्राम परसिली में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम उपरांत वे ग्राम चमराडोल पहुंचकर हितग्राही ओम प्रकाश बैगा एवं उनके परिजनों से गृह भेंट करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे राज्यपाल परसिली हेलीपैड से डुमना एयरपोर्ट जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल के दो दिवसीय प्रवास के अंतर्गत 25 फरवरी 2026 को सीधी जिले में आगमन प्रस्तावित है। उक्त प्रवास को दृष्टिगत रखते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी द्वारा सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने बताया कि राज्यपाल का 25 से 26 फरवरी 2026 तक जिले में प्रवास रहेगा। इस दौरान वे स्किलसेल एनीमिया हेल्थ चेकअप कैम्प का निरीक्षण करेंगे। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के साथ संवाद करेंगे तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के एक हितग्राही के आवास पर गृह भेंट भी करेंगे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सोलंकी ने सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी मझौली को प्रोटोकॉल के अनुसार ड्यूटी आदेश जारी करने के लिए भी निर्देशित किया।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, मझौली आर.पी.त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य अनुविभागीय अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, तहसीलदार एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
