नयी दिल्ली, 18 मार्च (वार्ता) देश की राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम इलाके पालम में बुधवार सुबह चार मंजिला एक इमारत में भीषण आग लगने से तीन बच्चों और चार महिलाओं सहित एक ही परिवार के नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा पालम गांव के राम चौक बाजार स्थित एक कपड़े और कॉस्मेटिक शोरूम वाली इमारत में हुआ।
पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, आग सुबह करीब सात बजे राम मार्केट स्थित ‘राजेंद्र कश्यप’ (मार्केट प्रधान) की इमारत में लगी। इस इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल पर कपड़ों का शोरूम था, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर परिवार रहता था।
इस आग को बुझाने में दमकल, एनडीआरएफ और वायुसेना पुलिस की टीमों ने मेहनत की। बचाव टीमों की मदद से कुल 12 लोगों को निकाला गया, जिनमें से नौ को मृत घोषित कर दिया गया। इनमें प्रवेश (33), कमल (39), आशु (35), लाडो (70), हिमांशी (22) और 15, 6 व तीन साल की तीन बच्चियां शामिल हैं। वहीं 19 वर्षीय सचिन सहित तीन अन्य का इलाज सफदरजंग और आईजीआई अस्पताल में चल रहा है। दमकल की 30 गाड़ियां और 11 एंबुलेंस की मदद से बचाव कार्य चलाया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “दिल्ली के पालम में हुई आग की घटना अत्यंत दुखद है। जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं।”
प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो -दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। राज्य सरकार ने मृतक वयस्कों के परिवारों को दस-दस लाख रुपये, मृत नाबालिगों के परिवारों को पांच -पाच लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को दो- दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में पालम गांव थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट (बिजली की खराबी) होने का अंदेशा जताया गया है।
