हैदराबाद | अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आगामी फिल्म ‘ईथा’ के फर्स्ट लुक के साथ ही चर्चा का केंद्र बन गई हैं। लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित यह फिल्म महाराष्ट्र की महान लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मंग नारायणगांवकर की बायोपिक है। फिल्म का टीजर हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुआ, जिसमें श्रद्धा कपूर एक लावणी नर्तकी के रूप में बेहद मनमोहक और प्रभावशाली नजर आ रही हैं।
साहस और समर्पण की अद्भुत कहानी
फिल्म का टीजर विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन के सबसे चुनौतीपूर्ण और यादगार अध्याय को दर्शाता है। दृश्य में श्रद्धा को गर्भावस्था के दौरान भी मंच पर अपनी प्रस्तुति देते हुए दिखाया गया है। प्रसव पीड़ा के बीच मंच से जाकर बच्चे को जन्म देने और फिर तुरंत वापस लौटकर प्रस्तुति पूरी करने का दृश्य दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देता है, जो विठाबाई के अटूट साहस और कला के प्रति समर्पण को बयां करता है।
फैंस ने की श्रद्धा के अभिनय की तारीफ
सोशल मीडिया पर लीक हुए इस फर्स्ट लुक और टीजर को देखकर फैंस श्रद्धा कपूर की जमकर सराहना कर रहे हैं। दर्शकों का कहना है कि वे इस फिल्म के माध्यम से श्रद्धा की असली प्रतिभा को देख पाएंगे। फिल्म में श्रद्धा के साथ रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 28 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

