नयी दिल्ली, 06 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को खुली बहस के लिए मनाने का आग्रह करते हुए कहा है कि श्री मोदी को इसमें डरना नहीं चाहिए।
श्री गांधी ने शुक्रवार देर रात ‘एक्स’ पर कहा, “अमित शाह जी, मोदी जी को भ्रमित मत कीजिए। बस उन्हें मेरे साथ खुली बहस के लिए मना लीजिए। कोई भी मंच, कोई भी समय। डरिए मत।”
इस बीच, कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा का हर दिन एक नया यू-टर्न सामने आ रहा है।
श्री रमेश ने सवाल किया कि देश के हर नागरिक को इतनी बड़ी सरकारी कवायद और अफसरशाही के झमेले से क्यों गुजरना पड़ा।
उन्होंने कहा कि बार-बार जारी किए जा रहे स्पष्टीकरण और संशोधन श्री मोदी तथा श्री शाह की असली मंशा उजागर कर रहे हैं। उन्होंने एसआईआर को वोट चोरी का नया रूप बताते हुए कहा कि चोरी पकड़े जाने के बाद चुनाव आयोग और प्रधानमंत्री-गृह मंत्री की जोड़ी अपनी करतूतों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है।
श्री रमेश ने दो मांगें दोहराते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटना होगा और एसआईआर प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।
