
झाबुआ. झाबुआ के ग्राम उन्नई में घर में घुसकर दंपति के साथ मारपीट कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूटने वाली डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 आरोपी अभी फरार है।
ग्राम उन्नई निवासी फरियादी जयंत पिता अन्द्रयास रावत, उम्र 48 वर्ष, अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 1 बजे अज्ञात बदमाशों ने घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलने पर 6-7 बदमाशों ने घर में घुसने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने टामी और सब्बल से दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद देशी कट्टे से डराते हुए कुल्हाड़ी और लाठियों से फरियादी जयंत रावत एवं उनकी पत्नी रजनी के साथ मारपीट की। बदमाशों ने घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 2 लाख रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना पेटलावद में अपराध क्रमांक 463/2026 के तहत धारा 310(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद ग्राम उन्नई, कोदली और पेटलावद क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। इसी दौरान घटनास्थल के पीछे कोदली-उन्नई रोड पर देर रात संदिग्ध अवस्था में खड़ी फॉर्च्यूनर कार क्रमांक जीजे12बीआर8118 के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
वाहन के संबंध में पेटलावद से थांदला और मदरानी क्षेत्र तक जानकारी जुटाई गई। जांच में वाहन का संबंध मांडली-मदरानी क्षेत्र के कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से पाया गया। संदिग्धों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में उनके चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने की जानकारी सामने आई।
मुखबिर से मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर 4 नवंबर 2026 को विशेष पुलिस टीमों ने मांडली, रामपुरा, धनपुरा, भावपुरा और तितरिया क्षेत्रों में दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में रामसिंह पिता वानिया कटारा, उम्र 25 वर्ष, निवासी भावपुरा, चौकी मदरानी, थाना काकनवानी; बदरू पिता वानिया कटारा, उम्र 30 वर्ष, निवासी धनपुरा, चौकी रंभापुर, थाना मेघनगर; प्रकाश पिता तानसिंह कटारा, उम्र 35 वर्ष, निवासी तितरिया, चौकी मदरानी, थाना काकनवानी; धन्ना पिता सेवा मुणिया, उम्र 25 वर्ष, निवासी रामपुरा, चौकी रंभापुर, थाना मेघनगर; पिपु पिता सेवा मुणिया, उम्र 25 वर्ष, निवासी रामपुरा, चौकी रंभापुर, थाना मेघनगर तथा सुनील पिता वेस्ता अमलिया, उम्र 30 वर्ष, निवासी मदरानी, थाना काकनवानी शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी बाबू पिता शंभु मुणिया निवासी धनपुरा और कानू पिता बोदरा डामोर निवासी धनपुरा के साथ फॉर्च्यूनर वाहन से ग्राम उन्नई पहुंचकर डकैती की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। मामले में दोनों आरोपी बाबू और कानू फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के टॉप्स, चांदी का कंदोरा, चांदी की पायजेब, चांदी की चूड़ियां, बिछुड़ियां और 52,600 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए टीम को पुरस्कृत किया।
