नहर की मिट्टी धंसने से 4 मजदूर गिरे, 2 की मौत

 मैहर के रामनगर क्षेत्र में नौगांव-4 में हुई घटना, राहत कार्य जारी

सतना :मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगांव में गुरुवार की दोपहर उस वक्त एक बड़ा हादसा सामने आया जब नहर की मिट्टी अचानक धंसने लगी. इस घटना के चलते नहर निर्माण कार्य में लगे 4 मजदूर मिट्टी में गिर गए, जिनमें से 2 की मौत हो गई. मौके पर मौजूद प्रशासन व पुलिस द्वारा राहत कार्य कराया जा रहा है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगांव क्रमांक 4 में नहर निर्माण का कार्य जारी था. मेंटेना कंपनी द्वारा कराए जा रहे इस कार्य में कई मजदूर संलग्र थे. इसके साथ ही वहां पर कंपनी के कई वाहन भी खड़े थे. बताया गया कि दोपहर के लगभग 2 बजे वहां पर एक पिकअप वाहन डीजल लेकर पहुंचा था.

पिकअप चालक ने वाहन को नहर की मेड़ पर खड़ा कर दिया था. पिकअप में सवार लोग और कुछ मजदूर वाहन के ऊपर बैठकर भोजन कर रहे थे. इसी दौरान नहर की कच्ची मेड़ अचानक धंसने लगी. जिसके चलते पिकअप वाहन देखते ही देखते गहरी नहर में जा गिरा. नतीजतन उसमें सवार 4 मजदूर और 2 अन्य लोग भी पलक झपकते ही नहर के गहरे पानी में जा गिरे. घटना होती देख वहां पर मौजूद लोगों के बीच में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने बताया कि नीचे गिरे 2 लोग तो किसी तरह बाहर आ गए. लेकिन शेष 4 लोगों के बारे में यह पता नहीं चल पा रहा था कि वे नहर के पानी में गिरे हैं अथवा वाहन के नीचे दब गए हैं.

ग्रामीणों ने बताया कि नहर निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों को कुछ देर तक कुछ समझ में ही नहीं आया. कुछ देर तक इधर उधर मशक्कत करते रहने के बाद जब कोई चारा नहीं बचा तो पुलिस को घटना के बारे में बताया गया. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को वहां का दृश्य देखते ही गंभीरता का अंदाजा हो गया. लिहाजा फौरन वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया. जिसके चलते एसडीएम रामनगर आरती यादव, तहसीलदार और थाना प्रभारी रामनगर टीकाराम कुर्मी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और आनन-फानन में राहत कार्य शुरु कराया गया. काफी देर तक चली मशक्कत के बाद राहत दल ने एक मजदूर के शव को खोज निकाला. जिसकी पहचान बैजनाथ यादव पिता रामकुमार उम्र 55 वर्ष निवासी नौगांव क्रमांक 4 के तौर पर हुई. प्राप्त जानकारी के अनुसार एक और मजदूर की दबकर मौत हो जाने की संभावना है. लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी खोज जारी रही.
आक्रोशित हुए ग्रामीण
इस घटना के चलते नौगांव क्रमांक 4 के ग्रामीण जमकर आक्रोशित हो गए. ग्रामीणों ने नहर निर्माण कंपनी मेंटेना के जिम्मेदारों पर सीधे तौर पर लापरवाही भरी कार्यशैली का आरोप लगाया. ग्रामीणों के अनुसार नहर निर्माण के नाम पर कंपनी द्वारा न सिर्फ ग्रामीणों का शोषण किया जा रहा है. बल्कि उनकी के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है. खतरे की संभावना के बावजूद भी गांव के मजदूरों को बिना किसी सवाधानी के नहर निर्माण के जोखिम भरे काम में ढकेला जा रहा था. नतजीतन इतनी बड़ी घटना सामने आ गई. इतना ही नहीं बल्कि घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वहां पर खड़ी मेंटेना कंपनी के वाहन मेें तोड़-फोड़ शुरु कर दी. मौके पर मौजूद पुलिस द्वारा किसी तरह समझादस देते हुए ग्रामीणों को शांत कराया गया

Next Post

मुरैना के तेल व्यवसायी के ठिकानों पर आयकर की दबिश

Fri Jan 31 , 2025
मुरैना: यहां के तेल व्यवसायी के ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापा मारा है। बताया जा रहा है कि केवीएल एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के ठिकानों पर आयकर की टीम पहुंची। यह कंपनी लोहगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित हो रही है। सिंधी कॉलोनी में आयकर विभाग ने अलग – अलग दस्तावेज […]

You May Like