जबलपुर: पनागर में फोरलेन सड़क निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार की बड़ी लापरवाही सामने आई है। नगरीय क्षेत्र में नाला निर्माण शुरू करते हुए ठेकेदार ने नगर पालिका को बिना सूचना दिए मेड रोड स्थित शिवाजी वार्ड में सड़क की खुदाई कर दी। खुदाई के दौरान सड़क के नीचे बिछी नर्मदा नल-जल योजना की पाइप लाइन उखड़कर टूट गई, जिससे बड़ी मात्रा में पानी बहकर नाले में फैलता रहा।
पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण पनागर के कई वार्डों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। गर्मी के इस मौसम में पानी की किल्लत से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालत यह रही कि कई परिवारों को पड़ोस के ट्यूबवेल या अन्य साधनों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ी।स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार ने पाइप लाइन टूटने की जानकारी नगर पालिका को देने के बजाय खुदाई का काम जारी रखा, जिससे समस्या और बढ़ गई। दो अन्य वार्डों में भी पानी की सप्लाई नहीं हो सकी, जिससे संकट गहरा गया।
ट्रैफिक जाम ने बढ़ाई परेशानी
सड़क निर्माण कार्य के चलते पनागर में जाम की स्थिति भी लगातार बन रही है। कमानिया गेट से बस स्टैंड के बीच दिन के समय निर्माण कार्य होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। इस क्षेत्र में कई बैंक और थाना होने के कारण लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो गई है।
लोगों में बढ़ती जा रही नाराजगी
लगातार हो रही लापरवाही से नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य से पहले आवश्यक विभागों को सूचना दी जाए और क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की जल्द मरम्मत कर जल आपूर्ति बहाल की जाए।
