
सिंगरौली । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न में श्रद्धा, सम्मान और भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा से सुसज्जित समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रामनिवास शाह एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद तथा भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री सीमा जायसवाल उपस्थित रहीं। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि विधायक रामनिवास शाह ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा और संस्कार भी प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सम्मान करने, अनुशासन का पालन करने तथा शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति मानते हुए निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को देश की सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए उसके संरक्षण पर बल दिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गुरु वंदना, स्वागत गीत, रंगारंग नृत्य एवं प्रेरणादायक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कलाकार विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर सभागार देर तक तालियों की गूंज से गूंजता रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य पीएन द्विवेदी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा ज्ञान, संस्कार, समर्पण और कृतज्ञता का पर्व है। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर भाजपा नेता अनिल शाह, डीईओ कविता त्रिपाठी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सिमरन, विद्यालय के प्राचार्य पीएन द्विवेदी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
