
रीवा, रीवा के मनगवां थाना क्षेत्र के धबैया स्थित ग्राम पंचायत रामपुर निवासी और भारतीय सेना के लांस हवलदार राकेश पटेल का बीती रात सगरा के समीप हुए एक दर्दनाक सडक़ हादसे में निधन हो गया. वह महज 10 दिनों की छुट्टी पर अपने परिवार से मिलने घर आए थे. इस दुखद हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है. पार्थिव शरीर अस्पताल से सीधे घर पहुंचा. शनिवार को सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जायेगा.
दरअसल यह दर्दनाक घटना गुरुवार की रात को हुई. लांस हवलदार राकेश पटेल अपनी स्कूटी पर सवार होकर रीवा की तरफ आ रहे थे तभी सगरा के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सेना के जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद शुक्रवार को पुलिस की मौजूदगी में राकेश पटेल के पार्थिव शरीर को रीवा के संजय गांधी अस्पताल लाया गया. यहाँ डॉक्टरों की टीम ने उनके शव का पोस्टमार्टम किया. कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनके पार्थिव शरीर को सेना के सम्मान के साथ उनके गृह ग्राम के लिए रवाना किया गया. जैसे ही लांस हवलदार राकेश पटेल का पार्थिव शरीर रीवा से रवाना होकर हर्दी मोड़ पहुंचा, वहां का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया. गृह ग्राम में अंतिम यात्रा निकाली गई. लांस हवलदार राकेश पटेल पिता वंशमणि पटेल अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोडक़र गये है. एक बेटा और एक बेटी है जिनका रो-रो कर बुरा हाल है. बताया गया है कि शनिवार को पैतृक गांव रामपुर में अंतिम संस्कार किया जायेगा.
