गुना जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से नगदी, छह मोटरसाइकिलें और ताश की गड्डी समेत करीब चार लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के ग्राम अजरोड़ पठार पर स्थित चबूतरे के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार लोगों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोलू अहिरवार (निवासी दौराना), धर्मेंद्र यादव (निवासी अजरोडा), अनिल अहिरवार (निवासी हरिपुरा) और बनवारी अहिरवार (निवासी बिचलाडोर हरिपुरा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से 4,070 रुपये नकद, चार लाख रुपये कीमत की छह मोटरसाइकिलें और ताश की एक गड्डी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ धरनावदा थाने में जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
