बालाघाट।मध्यप्रदेश का बालाघाट जिला प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों, नदियों और खनिज संपदा के लिए जाना जाता है। सतपुड़ा की पहाड़ियों और वैनगंगा नदी की पहचान वाला यह जिला अपने अंदर विकास की अपार संभावनाएं समेटे हुए है। यहां मैंगनीज, तांबा, जंगल और उपजाऊ जमीन जैसी कई बड़ी संपदाएं मौजूद हैं। भरवेली की मैंगनीज खदान और मलाजखंड की तांबे की खदान देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देती है।बालाघाट कृषि के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान रखता है। यहां का चिन्नौर चावल अपनी गुणवत्ता और खुशबू के लिए प्रसिद्ध है। इसे जीआई टैग भी मिल चुका है। जिले में बड़े पैमाने पर जंगल होने के कारण वन संपदा और पर्यटन की भी काफी संभावनाएं हैं। कान्हा राष्ट्रीय उद्यान की नजदीकी इस जिले को पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देती है।
सवाल यह है कि इतनी संपदा होने के बावजूद बालाघाट विकास के मामले में पीछे क्यों है?
जिले की खदानों से निकलने वाला तांबा और मैंगनीज देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंचता है, लेकिन इन खनिजों से जुड़े बड़े उद्योग जिले में ही क्यों नहीं लगाए जा रहे? अगर यहां खनिज आधारित उद्योग स्थापित हों, तो स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सकता है और जिले की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सकती है।
आज भी बालाघाट के कई युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। किसानों को भी अपनी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए आधुनिक सुविधाओं की जरूरत है। चिन्नौर चावल जैसी पहचान रखने वाली फसल के लिए बड़े स्तर पर प्रसंस्करण केंद्र, भंडारण और बाजार की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए।
इसके साथ ही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। लंबे समय तक नक्सल प्रभावित क्षेत्र जाने वाले बालाघाट में के रूप में पहचाने अब विकास और रोजगार को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
सरकार और जनप्रतिनिधियों को समझना होगा कि केवल खनिज संपदा और प्राकृतिक सुंदरता से किसी जिले का विकास नहीं होता। इसके लिए मजबूत योजनाएं, उद्योग, रोजगार और बेहतर सुविधाएं जरूरी हैं। बालाघाट में पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों को रोजगार दिया जा सकता है। वहीं, कृषि और वन आधारित उद्योगों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकती है। बालाघाट के पास संसाधनों की कमी नहीं है, कमी है तो उन संसाधनों का सही उपयोग करने वाली मजबूत योजनाओं की।
अब समय आ गया है कि बालाघाट को केवल खनिज और जंगलों के लिए नहीं, बल्कि उद्योग, रोजगार, शिक्षा, पर्यटन और विकास के लिए भी पहबाना जाए। सरकार, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर ऐसी योजनाएं बनानी होंगी, जिनका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे।
आखिर कब तक बालाघाट की संपदा दूसरे क्षेत्रों की तरक्की का आधार बनती रहेगी? अब जरूरत है कि बालाघाट की संपदा से बालाघाट के लोगों का भविष्य संवरे।
