मुरैना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 06 नवम्बर को मुरैना शहर के समीप ग्राम करुआ में स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को उनकी संपत्तियों का मालिकाना हक दिलाने तथा संपत्ति संबंधी अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान में शामिल होंगे और इस योजना के हितग्राहियों से संवाद करेंगे।
स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण आबादी क्षेत्र में स्थित मकानों एवं अन्य संपत्तियों का सर्वेक्षण कर पात्र हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख एवं संपत्ति स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण परिवारों को अपनी संपत्ति का कानूनी अधिकार प्राप्त होने के साथ ही संपत्ति संबंधी विवादों में कमी आएगी तथा उन्हें आर्थिक गतिविधियों एवं वित्तीय सुविधाओं का लाभ लेने में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वामित्व योजना के संबंध में कहा है कि इस धनतेरस पर मध्यप्रदेश में सुख-समृद्धि का नया उजाला आएगा। आज 6 नवम्बर को मंत्री, सांसद एवं विधायक गांवों में पहुंचकर अपनी उपस्थिति में शत-प्रतिशत रजिस्ट्री पूर्ण कराएंगे। प्रदेश में अब तक लगभग 15 लाख 98 हजार 46 रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं तथा 15 नवम्बर तक 20 लाख रजिस्ट्रियां पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्तियों का वैधानिक मालिकाना हक दिलाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
