बच्चों के हाथों बने दीयों से रोशन हुआ जिला न्यायालय, न्यायाधीशों ने की जमकर खरीदारी

खंडवा। दीपावली खुशियों और रोशनी का प्रतीक है। इसी भावना को साकार करते हुए जिला न्यायालय खंडवा में बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की एक सराहनीय पहल की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खंडवा संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में बुधवार, 5 नवंबर 2026 को कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा में बाल देखरेख संस्थाओं एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए संचालित संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई दीपावली की सजावटी सामग्री की प्रदर्शनी-सह-विक्रय का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस प्रदर्शनी में ष्टङ्खस्हृ छात्रावास के छात्र, बाल संप्रेषण गृह के बच्चे तथा शासकीय हाई स्कूल माथनी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए आकर्षक दीपक, दीपावली की सजावटी वस्तुएं एवं विभिन्न हस्तनिर्मित सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में बच्चों की मेहनत, कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक सोच की सुंदर झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि जिला न्यायालय खंडवा के समस्त न्यायाधीशगण ने प्रदर्शनी में उपस्थित होकर बच्चों द्वारा निर्मित सामग्री का अवलोकन किया तथा उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। न्यायाधीशगण के साथ उनके परिवारजनों ने भी बच्चों द्वारा तैयार की गई सामग्रियों की खरीदारी कर इस पुनीत पहल में सक्रिय सहभागिता निभाई। इसके अतिरिक्त जिला न्यायालय के अधिवक्तागण एवं कर्मचारीगण ने भी बढ़-चढक़र सामग्री खरीदी। सभी की इस सामूहिक सहभागिता से बच्चों को अपनी मेहनत का प्रोत्साहन मिला और उनके चेहरे पर खुशी एवं आत्मविश्वास की मुस्कान दिखाई दी।

Next Post

तीन राज्यसभा सांसदों को जवाब पेश करने अंतिम अवसर

Thu Nov 5 , 2026
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट ने तीन राज्यसभा सांसदों को अपना पक्ष रखने का अंतिम अवसर दिया है। जस्टिस बीपी शर्मा की एकलपीठ ने मामले में स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में जवाब दाखिल नहीं करने पर उनका जवाब पेश करने का अवसर समाप्त कर दिया जायेगा। एकलपीठ ने मामले की […]

You May Like