पुलिसकर्मियों के बच्चों को मिले मुफ्त शिक्षा: पटवारी

विशेष संवाददाता भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पुलिस कर्मचारियों के बच्चों को पूरी तरह मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को पुलिसकर्मियों के परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

पटवारी गुरुवार को धार जिले के बरमंडल गांव पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश पुरी के पुत्र एवं खातेगांव थाना प्रभारी स्वर्गीय दिलीप पुरी के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

पटवारी ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात कठिन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देते हैं। उन्हें नियमित अवकाश तक नहीं मिल पाता। ऐसे में उनके बच्चों की शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क की जानी चाहिए। उन्होंने गृह विभाग का दायित्व संभाल रहे मुख्यमंत्री से इस मांग पर तत्काल निर्णय लेने का आग्रह किया। उन्होंने इसे दिवंगत पुलिस अधिकारी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।

अवैध शराब के कारोबार पर सवाल उठाते हुए पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश के गांवों और मोहल्लों में खुलेआम उधार पर शराब बेची जा रही है। उन्होंने गुजरात में अवैध शराब पहुंचाने वाले नेटवर्क की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि शराब तस्करों, उनके सहयोगियों और उन्हें संरक्षण देने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

इस दौरान पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल, विधायक प्रताप ग्रेवाल सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे।

Next Post

सफाई कर्मचारियों को 25 हजार न्यूनतम वेतन मिले : सिंघार

Thu Nov 5 , 2026
विशेष संवाददाता भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश के सफाई कर्मचारियों की बदहाल कार्यस्थितियों, कम वेतन और असुरक्षित रोजगार को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को न्यूनतम 25 हजार रुपये मासिक वेतन देने, वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने और […]

You May Like