
आलीराजपुर। आलीराजपुर जिला मुख्यालय पर संत रविदास सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपए की स्वीकृति मिलने पर अनुसूचित जाति वर्ग के विभिन्न समाजों में हर्ष का माहौल है। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के विभिन्न समाजों के प्रतिनिधिमंडलों ने कैबिनेट मंत्री श्री नागरसिंह चौहान से भेंट कर उनका पुष्पमालाओं से स्वागत किया तथा धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर समाजजनों ने कहा कि संत रविदास सामुदायिक भवन का निर्माण अनुसूचित जाति वर्ग के समाजों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। भवन बनने से समाज के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को विवाह, मांगलिक कार्यक्रमों, सामाजिक सम्मेलनों, बैठकों एवं अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए सर्वसुविधायुक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा। वर्तमान में ऐसे आयोजनों के लिए निजी स्थानों एवं मैरिज गार्डन आदि पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। सामुदायिक भवन बनने से यह आर्थिक भार कम होगा और समाज के प्रत्येक वर्ग को इसका लाभ मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने समाज की आवश्यकता को समझते हुए भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए की स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण पहल की है। यह केवल एक भवन निर्माण की स्वीकृति नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद परिवारों को सुविधा, सम्मान और सामाजिक गतिविधियों के लिए स्थायी आधार उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय कदम है।
समाजजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं कैबिनेट मंत्री श्री नागरसिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी समाज के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को इसी प्रकार प्राथमिकता मिलती रहेगी।
इस दौरान शंकर हरवाल, कालू सिंह, आनंद सोलंकी पार्षद, सहित बड़ी संख्या में समाज के युवा एवं वरिष्ठ सदस्य उपस्थित थे।
