मुंबई 10 मार्च (वार्ता) पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने राष्ट्रीय प्रतिभूति बाजार संस्थान (एनआईएसएम) के सहयोग से धन शोधन (एएमएल) और आतंकवाद के वित्तपोषण (सीएफटी) से जुड़े नियमों पर एक नई प्रमाणन परीक्षा शुरू की है।
सेबी ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि इस प्रमाणन परीक्षा का उद्देश्य प्रतिभूति बाजार के पेशेवरों को इन महत्वपूर्ण प्रावधानों की गहरी समझ देना और बाजार को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है।
यह परीक्षा एक घंटे की होगी, जिसमें 50 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। हर प्रश्न 1 अंक का होगा। सफल प्रतिभागियों को सेबी और एनआईएसएम द्वारा आधिकारिक प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जो उनके पेशेवर कौशल और नियामक समझ को प्रमाणित करेगा।
सेबी ने कहा कि परीक्षा में प्रतिभागियों को धन शोधन और आतंकवाद वित्तपोषण से जुड़े नियमों, पीएमएलए और सेबी अधिनियम की जानकारी तथा प्रतिभूति बाजार में वित्तीय अपराध रोकने के उपायों के बारे में सीखने का अवसर मिलेगा। इच्छुक उम्मीदवार इस परीक्षा के लिए एनआईएसएम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।
