नए आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी में आधुनिक पुलिसिंग की झलक

भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित मध्यप्रदेश दौरे के दौरान नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन और मध्यप्रदेश पुलिस की आधुनिक पुलिसिंग पहलों पर आधारित प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी की तैयारियों की समीक्षा पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में की।

बैठक में साइबर अपराध, आपराधिक न्याय प्रणाली, कानून-व्यवस्था, आतंकवाद निरोधक कार्रवाई, नक्सल उन्मूलन, विदेशी नागरिकों से जुड़े विषय, आपदा प्रबंधन, पुलिस आधुनिकीकरण तथा पड़ोसी राज्यों के साथ सुरक्षा समन्वय से संबंधित प्रस्तुतियां दी गईं।

अधिकारियों ने सेफ क्लिक, नशा से दूरी है जरूरी, नक्सल उन्मूलन और हार्टफुलनेस जैसी पहलों की जानकारी भी दी। ई-जीरो एफआईआर, 1930 साइबर हेल्पलाइन, साइबर कमांडो प्रशिक्षण तथा सेफ क्लिक अभियान की प्रगति से भी डीजीपी को अवगत कराया गया। सेफ क्लिक अभियान अब तक 8.6 करोड़ लोगों तक पहुंच चुका है।

प्रदर्शनी में ई-साक्ष्य, ई-समन, मेडिको-लीगल जांच, फोरेंसिक सेवाओं और 57 मोबाइल फोरेंसिक वैन सहित नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव ने 3 अक्टूबर से प्रस्तावित प्रदर्शनी की तैयारियों की जानकारी दी। करीब पांच दिन चलने वाली प्रदर्शनी में अपराध घटित होने से लेकर न्याय मिलने तक की पूरी प्रक्रिया को स्टॉल, वीडियो, डिजिटल स्क्रीन, पोस्टर और मॉडल के माध्यम से समझाया जाएगा। इसमें प्रदेश की सांस्कृतिक एवं जनजातीय विरासत भी प्रदर्शित की जाएगी।

 

 

Next Post

नंदबाग में भाजपा नेत्री और पड़ोसियों में जमकर चले लात घूंसे

Mon Sep 28 , 2026
इंदौर: नंदबाग में शनिवार देर रात पड़ोसियों के बीच हुई कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया. दोनों पक्ष सड़क पर एक दूसरे से भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई. विवाद के बाद दोनों पक्ष बाणगंगा थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, पुलिस ने दोनों पक्षों का […]

You May Like