सतना: जंक्शन पर ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। बुधवार को पश्चिम मध्य रेलवे के सतना रेलखंड से गुजरने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनें निर्धारित समय से घंटों देरी से पहुंचीं। कुछ ट्रेनों की देरी तीन घंटे तक पहुंच गई, जिसके चलते यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा। सबसे ज्यादा विलंब महानगरी सुपरफास्ट और मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 22177 महानगरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय शाम 6:20 बजे के बजाय रात 9:26 बजे सतना जंक्शन पहुंची। इस तरह ट्रेन 3 घंटे 6 मिनट विलंब से आई। वहीं, ट्रेन नंबर 12168 मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस शाम 5 बजे के स्थान पर रात 7:49 बजे पहुंची, जो करीब 2 घंटे 49 मिनट देरी से आई। इसके अलावा 11401 पुणे-सुपौल एक्सप्रेस 2 घंटे 2 मिनट और 15159 सारनाथ एक्सप्रेस 1 घंटे 50 मिनट विलंब से पहुंची।
इसी तरह 12322 मुंबई-हावड़ा मेल निर्धारित समय से 1 घंटे 3 मिनट, 12167 बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस 48 मिनट और 12141 पाटलिपुत्र सुपरफास्ट एक्सप्रेस 34 मिनट की देरी से सतना पहुंची। लगातार ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा और निर्धारित कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा।
MEMU ट्रेन भी एक घंटे से अधिक लेट
लोकल यात्रियों को भी ट्रेनों की लेटलतीफी से राहत नहीं मिली। कटनी-सतना के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 61605 MEMU अपने निर्धारित समय शाम 4:05 बजे के बजाय करीब 5:15 बजे सतना जंक्शन पहुंची। इस तरह ट्रेन लगभग 1 घंटे 10 मिनट विलंब से आई। ट्रेनों की देरी का असर नौकरीपेशा लोगों, दैनिक यात्रियों और छोटे स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों पर भी पड़ा। यात्रियों को निर्धारित समय से अधिक देर तक स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा।
