डीपीएस निगाही में अंतर सदनीय एकल नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन

सिंगरौली। दिल्ली पब्लिक स्कूल निगाही में अंतर- सदनीय एकल नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इसकी जानकारी देते हुए प्राचार्य सुखवंत सिंह थापर ने बताया कि विद्यार्थियों में कला-संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने,आत्मविश्वास बढ़ाने,मंचीय अभिव्यक्ति को सुदृढ़ करने तथा भारतीय शास्त्रीय एवं लोक परंपराओं के साथ-साथ आधुनिक नृत्य शैलियों की समझ को विस्तार देने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता नियमित रूप से प्रतिवर्ष कराई जाती है।

ज्ञात हो कि इस अंतर सदनीय एकल नृत्य प्रतियोगिता में चारों सदनों के तीन समूहों के छात्र-छात्राएँ प्रतियोगिता में शामिल थे। समूह ए की दूसरी एवं तीसरी, समूह बी की चौथी और पाँचवीं तथा समूह सी की छठी से आठवीं कक्षाओं के बच्चों ने अपने नृत्य कला का प्रदर्शन किया। तीन चरणों कि इस प्रतियोगिता में शास्त्रीय नृत्य,बालिकाओं का सुगम नृत्य एवं बालकों का सुगम नृत्य था। प्रतियोगिता के प्रारंभ में एन पी मिश्र ने प्रतियोगिता का परिचय दिया और तत्संबंधी नियमों के बारे में बताकर विद्यार्थी परिषद के कनिष्ठ वर्ग के प्रधान छात्र अंबर पाण्डेय को स्वागत भाषण के लिए आमंत्रित किया। तत्पश्चात विद्यार्थी परिषद के वरिष्ठ वर्ग की सांस्कृतिक सचिव निशा मिश्रा और उप- प्रधान छात्रा आस्था तिवारी को मंच संचालन का दायित्व सौपा। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ भाग लिया। शास्त्रीय और गैर-शास्त्रीय परंपराओं से जुड़ी रंग- बिरंगी वेशभूषाएँ दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही। नृत्य प्रस्तुतियों की कलात्मकता,भाव भंगिमाएँ और लय बद्धता ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

बालिकाओं ने शंकर,पार्वती, दुर्गा,काली माँ, मीरा,कृष्ण जैसी आध्यात्मिक और भक्ति-भाव से परिपूर्ण विषयों पर मनोहारी प्रस्तुतियाँ दीं। इसके साथ ही राजस्थानी,पंजाबी और पहाड़ी लोक नृत्यों की जीवंत झलक ने भारतीय सांस्कृतिक विविधता को सजीव कर दिया। वहीं बालकों ने आधुनिक शैलियों में माइकल जैक्सन,अघोरी शैली एवं हिंदी सिनेमा पर आधारित प्रभावशाली नृत्य के माध्यम से मंच पर अपनी ऊर्जा और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। प्रतियोगिता में अभिभावकों की ओर से कक्षा आठवीं की छात्रा अंशिका कटियार की माता श्रीमती विजयलक्ष्मी ने अपने मनमोहक नृत्य कला की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। वहीं आठवीं कक्षा के छात्र अहान खान और उनके पिता मोहम्मद ज़रार खान ने मधुर गीत प्रस्तुत कर अपनी गायन प्रतिभा का परिचय दिया। निर्णायक मंडल के सदस्यों में प्राचार्य श्री थापर, प्रियंका राज,आंसू कौर एवं अंकिता दुबे ने बच्चों की नृत्य कला की प्रस्तुति,भाव-अभिनय, ताल एवं लय और मंचीय अभिव्यक्ति एवं सामग्रियों के साथ ही संपूर्ण प्रभावों का मूल्यांकन करते हुए समुचित निर्णय दिए। अंकिता दुबे ने भारतनाट्यम नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।

विजेता प्रतिभागियों की घोषणा करते हुए प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. एन पी मिश्र ने बताया कि समूह ए से शास्त्रीय नृत्य के लिए दूसरी कक्षा की गंगा सदन की सांवि सिंह मार्को ने पहला, गैर शास्त्रीय नृत्य के लिए बालिका वर्ग में तीसरी कक्षा की सतलज सदन की आरोही अहिरवार एवं दूसरी कक्षा की गंगा सदन की अदिति रानी ने चौथा, इसी कक्षा की सतलज सदन की रिधा बारापात्रे ने तीसरा, गंगा सदन की जान्सी टंडन ने दूसरा एवं रावी सदन की वर्णिका सिंह को पहला स्थान मिला। जबकि बालक वर्ग में तीसरी कक्षा के रावी सदन के सक्षम प्रधान को तीसरा, इसी कक्षा के रावी सदन के अभिराज शाह को दूसरा एवं दूसरी कक्षा के झेलम सदन के विष्णु पाठक को पहला स्थान मिला। वहीं समूह बी में शास्त्रीय नृत्य के लिए चौथी कक्षा के गंगा सदन के आरव कुमार शाह को दूसरा इसी कक्षा की झेलम सदन की सांवि वर्मा को प्रथम स्थान मिला। वहीं गैर शास्त्रीय नृत्य के लिए बालिका वर्ग में पाँचवीं कक्षा की रावी सदन की आलिया गौतम को चौथा, इसी कक्षा की गंगा सदन की कुमारी वंशिका को तीसरा, चौथी कक्षा के झेलम सदन की अंशिका साहू को दूसरा,पाँचवी कक्षा की झेलम सदन की सना देशमुख ने पहला स्थान प्राप्त किया जबकि बालक वर्ग में चौथी कक्षा के गंगा सदन के आर्यवीर सिंह ने तीसरा, इसी कक्षा के रावी सदन के वेदांश साहू ने दूसरा एवं गंगा सदन के अर्नव तिवारी को प्रथम स्थान मिला। वहीं समूह सी से शास्त्रीय नृत्य के लिए छठी कक्षा की रावी सदन की रिया सुभाष ने दूसरा, आठवीं कक्षा की सतलज सदन की स्वास्तिका प्रधान को पहला स्थान प्राप्त हुआ। जबकि गैर शास्त्रीय नृत्य के बालिका वर्ग में छठी कक्षा की गंगा सदन की आराध्य को चौथा, इसी कक्षा की गंगा सदन की सौम्या गौतम को तीसरा, आठवीं कक्षा की सतलज सदन की आराध्य चोपड़ा को दूसरा एवं छठी कक्षा की रावी सदन की भार्गवी श्रीवास्तव ने पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में आठवीं कक्षा के सतलज सदन के शिवम शर्मा को तीसरा, छठी कक्षा के गंगा सदन के अंश कुमार विश्वकर्मा को दूसरा जबकि आठवीं कक्षा के झेलम सदन के मोहम्मद अहान खान ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में गंगा सदन दस पुरस्कार प्राप्त कर अव्वल रहा। रावी सदन को सात पुरस्कार जबकि झेलम एवं सतलज सदन को पाँच पुरस्कार मिला।

अंतर- सदनीय प्रतियोगिता प्रभारी मनोज कुमार मिश्र, जसबीर कौर मान, प्रियंका राज और डॉ.एन पी मिश्र के प्रबंध-सहयोग द्वारा विजेता प्रतिभागियों को प्राचार्य श्री थापर एवं अभिभावक – शिक्षक संघ के सचिव विजय दुबे ने स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया एवं शुभकामनाएँ दी। इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता संपन्न हुई।

Next Post

30 साल पहले मुस्लिम युवक से शादी करने वाली महिला ने सनातन धर्म में की घर वापसी

Fri Jan 30 , 2026
छतरपुर। शहर के घोघ्याना मोहल्ले से एक महिला द्वारा सनातन धर्म में वापसी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, महिला ने इस्लाम धर्म छोड़कर पुनः सनातन धर्म अपनाया है और अब उन्होंने अपना मूल नाम शीला यादव फिर से धारण कर लिया है। महिला ने बताया कि करीब […]

You May Like