वाशिंगटन, 04 नवंबर (वार्ता) डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल अल-सैय्यद ने मिशिगन में मंगलवार को हुए कड़े मुकाबले में रिपब्लिकन पार्टी के पूर्व सांसद माइक रोजर्स को हराकर इतिहास रच दिया। अमेरिकी मीडिया के अनुसार, वह अमेरिकी सीनेट के लिए निर्वाचित होने वाले पहले मुस्लिम बन गए हैं। चिकित्सक और सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में पूर्व अधिकारी श्री अल-सैय्यद ने डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर कड़े मुकाबले वाली प्राइमरी जीतकर यह चुनाव लड़ा था। उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे सीनेटर गैरी पीटर्स की खाली हुई सीट पर जीत दर्ज की। उनकी यह ऐतिहासिक जीत ऐसे चुनाव प्रचार अभियान के बाद आई है, जिसमें उनकी मुस्लिम पहचान को उनके खिलाफ प्रमुख मुद्दा बनाया गया था। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी के अन्य नेताओं ने उनके धार्मिक पृष्ठभूमि को लेकर बार-बार निशाना साधा था। अल-सैय्यद ने चरमपंथ से उनके कथित संबंधों के आरोपों को खारिज किया था।
यह जीत ऐसे मिशिगन राज्य में मिली है, जहां 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में श्री ट्रंप ने बेहद कम अंतर से जीत हासिल की थी। जनवरी में नई कांग्रेस के कार्यभार संभालने के साथ अल-सैय्यद सीनेट में पहले मुस्लिम सदस्य बन जाएंगे।
श्री अल-सैय्यद ने बुधवार तड़के अपनी संभावित जीत का जश्न मनाया। इस दौरान उन्होंने समर्थकों को भावुक संबोधन दिया और ट्रंप तथा उप राष्ट्रपति जेडी वेंस पर भी निशाना साधा। चुनाव परिणाम देखने के लिए आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मिशिगन के मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह अमेरिकी सीनेट में उसी उदारता, खुले विचारों, दृढ़ता और ईमानदारी के साथ काम करेंगे, जो उन्हें चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं में देखने को मिली।
श्री अल-सैय्यद ने समर्थकों से कहा, ” मिशिगन, मैं उसी उदारता, खुले विचारों, दृढ़ता और ईमानदारी के साथ आपकी सेवा करने के लिए उत्सुक हूं, जो आपने मुझे दिखाई है।”
उन्होंने इस जीत को सामूहिक उपलब्धि बताते हुए समर्थकों से कहा कि वे इसे अपने राजनीतिक विरोधियों की हार और व्यापक राजनीतिक उद्देश्य की जीत के रूप में देखें। उन्होंने कहा, “कल उन्हें बताना कि बुरे लोग हार गए। उन्हें बताना कि हम सबने मिलकर, एक बड़े उद्देश्य के लिए संघर्ष करते हुए जीत हासिल की। हम जीत गए! माइक, अब अपनी सेवानिवृत्ति का आनंद लीजिए।” डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ने उप राष्ट्रपति जे डी वेंस पर भी तंज कसते हुए अमेरिकी संविधान के तहत नवनिर्वाचित सीनेटरों को पद की शपथ दिलाने की प्रक्रिया का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ” इसमें एक दिलचस्प विडंबना है कि जनवरी में आपको संवैधानिक रूप से मुझे शपथ दिलानी होगी।” इसके बाद उन्होंने श्री ट्रंप को संबोधित करते हुए उनके चुनावी भाषणों का जिक्र किया, जिनमें राष्ट्रपति ने श्री अल-सैय्यद का नाम सही ढंग से उच्चारित करने में कठिनाई होने का प्रदर्शन किया था। श्री अल-सैय्यद ने कहा, ” डोनाल्ड, मुझे पता है कि आपको मेरा नाम बोलने में परेशानी हुई। इसलिए जनवरी में जेडी जब मुझे शपथ दिला दें, तो आप मुझे सीनेटर कहकर बुला सकते हैं। ”

