खेत में करंट लगाकर दो जंगली सूअरों का शिकार

चित्रकूट: जिले के चित्रकूट वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खानतर में खेतों में अवैध रूप से करंट लगाकर दो जंगली सूअरों का शिकार करने का मामला सामने आया है. वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से साक्ष्य जब्त कर लिए हैं और एक नामजद आरोपी के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी हैवन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे विभागी अधिकारियों को मुखबिर से ग्राम खानकर में करंट लगाकर दो जंगली सूअरों का शिकार किए जाने की सूचना दी गई थी. सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी चित्रकूट अपने अमले के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे.

जांच के दौरान घटनास्थल पर दो जंगली सूअर मृत अवस्था में पाए गए. इनमें से एक सूअर को काटने का प्रयास किए जाने के निशान भी मिले हैं. मौके की छानबीन में विभाग ने 27 नग लकड़ी और बांस की खूंटी, लगभग 1.5 किलो जीआई तार मिली जिसे विभाग द्वारा जब्त कर लिया गया हैं. प्रथम दृष्टया जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सूअरों की मौत खेतों में अवैध रूप से बिजली का करंट लगाने के कारण हुई है. घटनास्थल पर मझगवां से पहुंचे पशु चिकित्सक द्वारा दोनों मृत जंगली सूअरों का पोस्टमार्टम किया गया. जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में नियमानुसार मृत वन्यजीवों के शवों का दाह-संस्कार कर दिया गया. घटना के बाद से आरोपी राहुल चतुर्वेदी मौके से फरार है, जिसकी तलाश में वन विभाग की टीमें जुटी हुई हैं.

खेत मालिक और बटाईदार का पक्ष
मौके पर पूछताछ के बाद खेत के मालिक राधेश्याम गौतम (पिता इंद्रजीत गौतम) को बुलाया गया. 75 वर्षीय राधेश्याम ने अपने बयान में बताया कि उनका घर घटनास्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर है और बढ़ती उम्र के कारण वे खेत पर नहीं आते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपनी खेती राहुल चतुर्वेदी (पिता उमेश चतुर्वेदी, निवासी पिंडरा) को बटाई पर दी है, इसलिए खेत की संपूर्ण जिम्मेदारी राहुल की ही है और उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी. इसके बाद वन अमले ने बटाईदार राहुल चतुर्वेदी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है.

Next Post

छत्तीसगढ़ : चार सूत्रीय मांगों को लेकर उचित मूल्य दुकान संचालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल

Wed Nov 4 , 2026
बेमेतरा, (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालकों ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के पहले दिन संचालकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर और जिला खाद्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपा तथा मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की। हड़ताल […]

You May Like