
बड़वानी। शहर के झामरिया रोड़ पर शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे भाटिया ट्रांसपोर्ट सर्विस का खाद से भरा एक ट्रक सडक़ में धंस गया। इससे लंबा जाम लग गया और यातायात व्यवस्था बाधित हुई। यह घटना सीवरेज निर्माण कार्य की खराब गुणवत्ता के कारण हुई, जिसकी पोल एक बार फिर खुल गई है। स्थानीय निवासियों ने सीवरेज कार्य के बाद सडक़ की मरम्मत ठीक से नहीं होने और गड्ढे न भरे जाने पर नाराजगी जताई है। निवासी राजमल मारू ने आरोप लगाया कि इसी कारण आए दिन वाहन फंसते हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ठेकेदार के भुगतान पर रोक की मांग
स्थानीय निवासी राजेश कुमावत ने बताया कि उनके घर के सामने ही एक बड़ा हादसा टल गया। ट्रक का एक हिस्सा सडक़ में धंस गया। यदि ट्रक पलट जाता तो बड़ी घटना हो सकती थी। यह सडक़ कई ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ती है। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते काम की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जिम्मेदार ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगाने की भी मांग की है।
गुणवत्ता के साथ शीर्घ कार्य पूर्ण करने के ठेकेदार को दिए गए हैं सख्त निर्देश
इस मामले में नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने बताया कि झामरिया रोड़ पर निर्माण कार्य को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई हैं। संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ शीघ्र कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। चौहान ने कहा कि यदि कार्य में लापरवाही पाई जाती है, तो भुगतान रोकने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
