सिलीगुड़ी, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए चुनावी पराजय का सामना कर चुके राजनीतिक दलों, जिहादी तत्वों, माओवादियों और वामपंथियों पर भारत में बंगलादेश जैसी अराजकता और अस्थिरता पैदा करने की साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देने वाले दलों को पहले चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक हैसियत साबित करनी चाहिए।
सिलीगुड़ी में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली को संबोधित करते हुए श्री अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए उसे ‘पिसी-भाईपो (बुआ-भतीजा) पार्टी’ करार दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपनी जमीन खो चुकी यह पार्टी अब दिल्ली में कांग्रेस, वामपंथियों और अन्य जनविरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अपनी खस्ता हालत के कारण यह पार्टी अब ‘कॉकरोच और खटमलों’ से मदद मांगने दिल्ली पहुंची है।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों को सड़कों पर हंगामे के बजाय चुनाव मैदान में उतरने की चुनौती दी। उन्होंने कहा, “यदि आप सत्ता में आना चाहते हैं, तो चुनाव जीतकर आएं। लेकिन जब तक नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, आप भाजपा को नहीं हरा सकते।”
उन्होंने वर्ष 2014 के बाद से मोदी सरकार की उपलब्धियों जैसे- वैश्विक आर्थिक वृद्धि, कोविड-19 महामारी के दौरान 55 से अधिक देशों को वैक्सीन आपूर्ति, यूक्रेन युद्ध के दौरान 30 हजार भारतीय छात्रों की सुरक्षित वापसी, धारा 370 को निरस्त करने और राम मंदिर निर्माण का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने राजनीतिक पीढ़ियों का उदाहरण देते हुए तृणमूल को ‘2जी’ और कांग्रेस को ‘4जी’ करार दिया।
रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ सुकांत मजूमदार ने भी विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा और कहा कि लोकतंत्र की दुहाई देने वालों को वामपंथियों के दौर का कुशासन याद रखना चाहिए।
श्री मजूमदार ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिस तरह कॉकरोच को जूतों के नीचे कुचला जाता है, उसी तरह देश में शांति और राजनीतिक स्थिरता से खिलवाड़ करने वाले तत्वों से निपटना भाजपा अच्छी तरह जानती है।
