
उज्जैन। दो बच्चों को लेकर लापता हुई पत्नी की तलाश में पति साल भर बाद उज्जैन आया और उनकी खोजबीन शुरू की। बच्चों के स्कूल का पता मिल गया लेकिन एक पुत्र ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पिता पर हमला कर दिया। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
मंदसौर जिले के ग्राम सुवासरा में खेती किसानी करने वाले विक्रम पिता रामचंद्र राठौर 45 साल की पत्नी साल भर पहले दो बच्चों के साथ घर छोडक़र निकल गई थी। रामचंद्र उसकी लगातार तलाश कर रहा था। 2 दिन पहले पता चला की पत्नी बच्चों के साथ पंवासा क्षेत्र में मक्सी रोड पर रह रही है। वह तलाश करते हुए उज्जैन पहुंचा था। कुछ रिश्तेदारों से संपर्क करने पर उसे बच्चों के सरकारी स्कूल का पता चल गया। स्कूल के बाहर उसने बच्चों का इंतजार किया। छुट्टी होने पर उसे अपना पुत्र रामस्वरूप दिखाई दिया उसने पूछताछ कर घर की जानकारी ली। लेकिन पुत्र पिता को चकमा देकर निकल गया। रामचंद्र पुत्र के जाने वाले रास्ते की जानकारी जुटाकर उन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान पुत्र अपने दो-तीन दोस्तों के साथ वापस लौटा और पिता पर हमला कर दिया। मारपीट करने के बाद पुत्र दोस्तों के साथ भाग निकला। घायल रामचंद्र लोगों की मदद से पुलिस थाने तक पहुंचा और मामले की शिकायत की।
बताया जा रहा है कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है जिसके चलते रामचंद्र की पत्नी दोनों बच्चों को लेकर घर से लापता हो गई थी। पुलिस अब पत्नी और बच्चों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
