मुंबई, भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) ने वित्तीय वर्ष 2027 की तीसरी तिमाही के लिए भारत के निर्यात पूर्वानुमान जारी कर दिए हैं। वित्तीय वर्ष 2027 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में, भारत के कुल मर्चैंडाइज़ निर्यात 141.8 बिलियन यूएस डॉलर और गैर-तेल निर्यात 120.3 बिलियन यूएस डॉलर के रहने का पूर्वानुमान है। मर्चैंडाइज निर्यात में जहां 28.7% की वर्ष-दर-वर्ष वृद्धि का पूर्वानुमान है, तो वहीं गैर-तेल निर्यात में 21.9% की वर्ष-दर-वर्ष वृद्धि का अनुमान है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2027 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) के दौरान गैर-तेल और गैर-रत्न एवं आभूषण निर्यात 106.4 बिलियन यूएस डॉलर के रहने का पूर्वानुमान है, जिसमें 16.2% की वर्ष-दर-वर्ष वृद्धि का अनुमान है।
वैश्विक अनिश्चितताओं और आपूर्ति श्रृंखलाओं में हो रहे बदलावों के बीच, भारत के निर्यात में, निरंतर बाजार और उत्पाद विविधीकरण, प्रमुख व्यापार भागीदार देशों के साथ हुए व्यापार समझौतों से मिलने वाले अवसरों तथा प्रमुख निर्यातक देशों में निरंतर मांग के कारण, वृद्धि होने की उम्मीद है। भारत के निर्यातों को बेहतर वैश्विक और घरेलू विकास संभावनाएं, निवेश गतिविधियों में वृद्धि तथा विनिमय दर में उतार-चढ़ाव से भी समर्थन मिलने की संभावना है। हालांकि, सख्त वैश्विक मौद्रिक नीति, तथा बदलते व्यापार नियमों से जोखिम बने हुए हैं।
एक्ज़िम बैंक द्वारा भारत के कुल मर्चैंडाइज़ निर्यातों और गैर-तेल निर्यातों में वृद्धि के पूर्वानुमान एक्सपोर्ट लीडिंग इंडेक्स (ईएलआई) मॉडल के आधार पर संबंधित तिमाहियों के लिए मई, अगस्त, नवंबर और फरवरी के पहले पखवाड़े में जारी किए जाते हैं। वित्तीय वर्ष 2027 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च 2027) के लिए भारत के निर्यातों में वृद्धि के पूर्वानुमान फरवरी 2027 के पहले पखवाड़े में जारी किए जाएंगे।
इस मॉडल में सुधार तथा इससे प्राप्त पूर्वानुमान संबंधी परिणामों की समीक्षा विशेषज्ञों की एक स्थायी तकनीकी समिति द्वारा की गई है। इस समिति के सदस्यों में डॉ. सत्यानंद साहू, सलाहकार, आर्थिक विश्लेषण और नीति विभाग, भारतीय रिज़र्व बैंक, मुंबई, प्रो. सैकत सिन्हा रॉय, प्रोफेसर, अर्थशास्त्र विभाग, जादवपुर विश्वविद्यालय कोलकाता; प्रोफेसर एन.आर. भानुमूर्ति, निदेशक, मद्रास स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, चेन्नई और प्रोफेसर सी. वीरामणि, निदेशक, विकास अध्ययन केंद्र, त्रिवेंद्रम शामिल हैं।
इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा अपने निरंतर शोध प्रयासों की कड़ी में भारत के निर्यातों का तिमाही आधार पर ट्रैक रखने तथा वृद्धि में पूर्वानुमान के लिए एक्सपोर्ट लीडिंग इंडेक्स (ईएलआई) तैयार करने हेतु यह इन-हाउस मॉडल विकसित किया गया है। इस इंडेक्स को देश के निर्यातों पर प्रभाव डालने वाले विभिन्न बाह्य एवं घरेलू कारकों को ध्यान में रखते हुए देश के कुल मर्चैंडाइज़, गैर-तेल निर्यातों, गैर-तेल तथा गैर-रत्न एवं आभूषण निर्यातों में तिमाही आधार पर वृद्धि का पूर्वानुमान लगाने के लिए एक प्रमुख संकेतक के रूप में विकसित किया गया है।
