
आष्टा. तहसील मुख्यालय आष्टा से 10 किमी दूर शंभूखेड़ी गांव में शनिवार दोपहर तीन बजे के करीब अचानक बारिश के साथ आसमान से गिरी बिजली की चपेट में आने से जंगल में मवेशी चरा रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल हो गए, जिनको इलाज के लिए आष्टा शासकीय सिविल अस्पताल लाया गया. जानकारी के अनुसार शंभूखेड़ी निवासी 55 वर्षीय कैलाश आ. फूलसिंह मेवाड़ा, केदार आ. मथुरालाल तथा ज्ञानसिंह आ. शिवनारायण सुबह 11 बजे मवेशियों को चराने के लिए जंगल में गए थे. बताया जाता है कि दोपहर तीन बजे अचानक बारिश शुरू हुई तो वह पास में ही अजब पिता मदनसिंह के खेत पर पीपल के पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए. उसी समय आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी जिससे कैलाश मेवाड़ा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ज्ञानसिंह और केदारसिंह घायल हो गए, जिनको इलाज के लिए आष्टा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बिजली गिरने की सूचना मिलते ही घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई थी। पुलिस ने भी पहुंचकर मौका मुआयना किया. मृतक कैलाश के दो पुत्र सुनील और राजेश हैं। इस घटना के बाद शंभूखेड़ी में मातम पसर गया है.
