घोड़े पर सवार होकर विदा हुए टीआई नीलेश अवस्थी, यादगार अंदाज में मनासा के लिए हुए रवाना

नीमच। नीमच केंट थाना प्रभारी टीआई नीलेश अवस्थी का तबादला मनासा थाना होने के बाद उनकी विदाई का अनोखा अंदाज पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया। स्थानांतरण के बाद जब वे केंट थाने से रवाना हुए तो घोड़े पर सवार होकर फूलों की मालाओं से लदे हुए मनासा के लिए निकले। इस अनोखी विदाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

आमतौर पर पुलिस अधिकारियों की विदाई सादगी से होती है, लेकिन इस बार का दृश्य अलग ही नजर आया। सर्राफा एसोसिएशन, ईदगाह कमेटी और थाना स्टाफ ने मिलकर टीआई अवस्थी को सम्मानपूर्वक विदाई दी। उनके समर्थकों ने फूल मालाओं से स्वागत किया और घोड़े पर बैठाकर उन्हें रवाना किया, जिससे यह विदाई यादगार बन गई।

इस संबंध में टीआई नीलेश अवस्थी ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान सर्राफा एसोसिएशन की चोरी की घटनाओं को ट्रेस किया गया, ईद के अवसर पर बेहतर पुलिस व्यवस्था की गई और थाना स्टाफ को भी कई पुरस्कार प्राप्त हुए। इसी से खुश होकर सभी ने मिलकर उन्हें यह सम्मान दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि पुलिस में घुड़सवार बल की परंपरा भी रही है, इसलिए घोड़े पर विदाई लेना उन्हें उचित लगा।

इधर, जिला पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा जारी आदेश में केंट थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी को मनासा, सौरभ शर्मा को केंट थाना और मनासा टीआई शिव रघुवंशी को लाइन अटैच किया गया है। हालांकि थाना प्रभारियों के इस फेरबदल से ज्यादा चर्चा टीआई अवस्थी की अनोखी विदाई की रही। नीलेश अवस्थी को जिले के तेज-तर्रार अधिकारियों में गिना जाता है और उनकी कार्यशैली के कारण ही उनकी विदाई भी खास बन गई, जिसकी चर्चा पूरे नीमच जिले में हो रही है।

Next Post

नीति, नवाचार और निवेश से आर्थिक समृद्धि के नए कीर्तिमान रचता मप्र 

Tue Mar 24 , 2026
भोपाल। वैश्विक अर्थव्यवस्था के पुनर्संतुलन के इस दौर में भारत की विकास यात्रा अब केवल राष्ट्रीय नीतियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि राज्यों की क्षमता, नेतृत्व की स्पष्टता और प्रशासनिक प्रतिबद्धता उसकी गति निर्धारित कर रही है। ऐसे समय में मध्यप्रदेश ने स्वयं को एक संसाधन आधारित राज्य से आगे […]

You May Like