
जबलपुर। मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य भगत सिंह नेताम आगामी बुधवार को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस केन्द्रीय जेल, जबलपुर का दौरा करेंगे। इस दौरान नेताम केन्द्रीय जेल कार्यालय में वृक्षारोपण कार्यक्रम के पश्चात जेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य जेलों में निरुद्ध अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य बंदियों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेना और उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करना है।
समीक्षा बैठक के दौरान जेलों में जातिगत भेदभाव और अस्पर्शता की रोकथाम, बंदियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं, नि:शुल्क विधिक सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, कौशल विकास और उनके सामाजिक-आर्थिक पुनर्वास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही, विचाराधीन तथा सजायाफ्ता बंदियों के आंकड़े, मानवाधिकारों के संरक्षण, अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी के माध्यम से पात्र बंदियों को राहत दिलाने की कार्यवाही, महिला, वृद्ध, दिव्यांग एवं गंभीर बीमारियों से पीडि़त बंदियों के लिए उपलब्ध विशेष सुविधाओं की भी समीक्षा होगी। बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों, जेल नियमावली, श्रम आवंटन, पैरोल, फरलो, समयपूर्व रिहाई के प्रकरणों और बजट उपयोग की ऑडिट रिपोर्ट जैसे विषयों को भी शामिल किया गया है। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर गरीब बंदियों के लिए न्याय सहायता अभियान पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिसके तहत जेल में बंदी न्याय अधिकार रजिस्टर तैयार करने की अनूठी पहल पर विचार किया जाएगा।
