नगदी और गहने नही मिले तो गैस सिलेंडर लेकर गया चोर

रीवा, शहर के चोरहटा थाना अन्तर्गत शारदा नगर गोड़हर में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है. यहा एक चोर ने दिनदहाड़े एक सूने मकान का ताला तोड़ा, लेकिन घर के अंदर रखे कीमती सोने-चांदी के गहनों या नकदी को हाथ तक नहीं लगाया. चोर सीधे किचन में गया और वहाँ रखा भरा हुआ एलपीजी गैस सिलेंडर अपने कंधे पर लादकर रफूचक्कर हो गया. चोरी की यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर ने अपनी पहचान छुपाने के लिए चेहरे पर रुमाल बांध रखा था. वह बड़े आराम से घर के अंदर घूमता नजर आया. आमतौर पर चोर अलमारी तोडक़र कीमती सामान तलाशते हैं, लेकिन इस चोर की प्राथमिकता कुछ और ही थी. उसने अलमारी या लॉकर को हाथ भी नहीं लगाया और सीधे रसोई घर का रुख किया. चोर रसोई में रखे भरे हुए भारी-भरकम गैस सिलेंडर को उठाकर बाहर लाया. इसके बाद वह उसे अपने कंधे पर लादकर बेहद शातिराना अंदाज में मुख्य गेट से बाहर निकल गया. दिनदहाड़े सडक़ पर सिलेंडर लेकर जा रहे इस शख्स पर किसी को शक भी नहीं हुआ. जब परिवार वापस लौटा तो घर का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए. घर के अंदर जाकर देखने पर पता चला कि गहने और पैसे तो सुरक्षित हैं, लेकिन रसोई से गैस सिलेंडर गायब है. इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो चोर की यह अजीबोगरीब करतूत सामने आई. पीडि़त परिवार की शिकायत पर चोरहटा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुलिए का मिलान कर चोर की शिनाख्त और उसकी तलाश में जुट गई है.

Next Post

रोप-वे परियोजना पर फिर संकट के बादल, 199 करोड़ का ठेका निरस्त

Tue Nov 3 , 2026
उज्जैन। महाकाल नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे स्टेशन से सीधे महाकाल लोक तक पहुंचाने की महत्वाकांक्षी रोप-वे परियोजना एक बार फिर अनिश्चितता के दौर में पहुंच गई है। करीब 199 करोड़ रुपए का पुराना ठेका निरस्त होने के बाद अब परियोजना के लिए नए सिरे से कंपनी का […]

You May Like