मंडी में किसानों की उपज में मिल रही मिट्टी, उखड़ी फर्शियों और गंदगी पर भड़का किसान संघ

देवास। किसानों की उपज का सही दाम दिलाने और उन्हें बेहतर सुविधाएं देने के दावे कृषि उपज मंडी की बदहाल व्यवस्थाओं के बीच खोखले साबित होते नजर आ रहे हैं। मंडी में कहीं प्लेटफार्म की फर्शियां उखड़ रही हैं तो कहीं पेयजल की टंकी और गार्डन में सफाई का अभाव है। हालात यह हैं कि प्रांगण क्रमांक दो के बड़े प्लेटफार्म पर फर्शियां टूटकर निकलने से किसानों की उपज में मिट्टी मिल रही है। इसका सीधा असर उपज की गुणवत्ता और किसानों को मिलने वाले भाव पर पड़ रहा है। वहीं, उखड़ी फर्शियों से किसानों के चोटिल होने का खतरा भी बना हुआ है।

मंगलवार को इन अव्यवस्थाओं को लेकर भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने मंडी पहुंचकर नाराजगी जताई और प्रशासन को चेतावनी दी कि रविवार तक व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री शेखर पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता मंगलवार को कृषि उपज मंडी पहुंचे। यहां उन्होंने प्रांगण क्रमांक दो के बड़े प्लेटफार्म का निरीक्षण किया। प्लेटफार्म पर जगह-जगह फर्शियां टूटकर निकलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। जिला मंत्री पटेल ने कहा कि इसी प्लेटफार्म पर किसानों की उपज बिक्री के लिए आती है, लेकिन यहां की बदहाल स्थिति के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। फर्शियां उखड़ने से उपज में मिट्टी मिल रही है, जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित होती है और किसानों को कम भाव मिलता है। इसके अलावा प्लेटफार्म पर बिखरी और उखड़ी फर्शियों से किसानों को चोट लगने की आशंका भी बनी हुई है।

सोयाबीन सीजन में देवास के साथ इंदौर के किसान भी परेशान-

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि इन दिनों सोयाबीन का सीजन चल रहा है। देवास जिले के साथ ही इंदौर जिले के किसान भी अपनी उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंडी प्रशासन की जिम्मेदारी है कि किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, लेकिन यहां व्यवस्थाएं लगातार बिगड़ती जा रही हैं। किसानों को अपनी उपज बेचने के दौरान मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी में प्लेटफार्म की मरम्मत जैसी जरूरी व्यवस्था तक नहीं हो पा रही है, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

पानी की टंकी में सफाई का अभाव, गार्डन भी बदहाल-

जिला मंत्री शेखर पटेल ने बताया कि पानी की टंकी के आसपास भी सफाई का अभाव है। मंडी में दूर-दराज से किसान अपनी उपज लेकर आते हैं और उन्हें पेयजल की आवश्यकता होती है। किसानों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराना मंडी प्रशासन की जिम्मेदारी है। मंडी परिसर के गार्डन में भी सफाई नहीं होने से वहां अव्यवस्थाएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि मंडी प्रशासन को किसानों की इन बुनियादी जरूरतों पर ध्यान देना चाहिए। मंडी की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने रविवार तक व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तय समय सीमा में प्लेटफार्म की फर्शियों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था और सफाई की समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान मंडी सचिव अरविंद परिहार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समस्याओं का जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भाकिसं ग्राम समिति अध्यक्ष रामजी पटेल, सांवेर तहसील कार्यकारिणी सदस्य कैलाश पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Next Post

न्यायिक मजिस्ट्रेटों ने सड़क पर उतरकर समझाए कानून के नियम, 48 हजार की चालानी कार्रवाई

Tue Nov 3 , 2026
सीधी । कानून का पालन कराने के साथ लोगों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को न्यायिक मजिस्ट्रेटों ने बाजारों में पहुंचकर आमजन से सीधा संवाद किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट परमानंद सनोड़िया एवं अरहम खान ने रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के रामपुर नैकिन, हत्था […]

You May Like