
इंदौर. लेंटर्न चौराहा स्थित ज्वेलरी दुकान पर छह दिन पहले दो महिलाओं ने नकली चेन को असली बताकर ज्वेलर से सोने की असली चेन हड़प ली थी. घटना के बाद तुकोगंज पुलिस ने जांच करते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से तीन नकली चेन भी बरामद हुई हैं.
घटना बुधवार 28 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे नाना भाई ज्वेलर्स पर हुई थी. दुकान संचालक दर्शन सोनी निवासी जौहरी पैलेस कॉलोनी, अन्नपूर्णा ने तुकोगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि दुकान पर दो महिलाएं पहुंची थीं. बातचीत के दौरान महिलाओं ने उन्हें नकली चेन को असली सोने की चेन बताकर भरोसे में ले लिया. इसके बाद धोखे से दुकान में मौजूद असली सोने की चेन लेकर दोनों वहां से चली गईं. बाद में ज्वेलर को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. इसमें एक महिला की पहचान मीनाक्षी रघुवंशी निवासी परदेशीपुरा के रूप में हुई, जबकि दूसरी महिला उज्जैन की रहने वाली है. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन नकली चेन बरामद की हैं. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया है, एक महिला उज्जैन की रहने वाली है. दोनों से तीन नकली चेन बरामद की हैं. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही उनका पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है.
