ईरान को भविष्य के खतरों से निपटने के लिए पहले से कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिए : सैन्य सलाहकार

तेहरान, 22 अगस्त (वार्ता) ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के वरिष्ठ सैन्य सलाहकार ने कहा है कि भविष्य के खतरों का सामना करने के लिए ईरानी सशस्त्र बलों को हमले का इंतजार करने के बजाय पहले से जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिये।

मेजर जनरल याह्या रहीम सफवी ने रक्षा उद्योग दिवस के अवसर पर जारी एक संदेश में कहा कि ईरान की सैन्य प्रतिक्रिया ‘निष्क्रिय’ नहीं होनी चाहिये, बल्कि दुश्मनों को हमला करने से रोकने के लिए “पूर्व-निर्धारित, शक्तिशाली और सुनियोजित” होनी चाहिये।

श्री सफवी ने कहा कि अमेरिका और इजरायल के साथ हाल के युद्धों से यह स्पष्ट हुआ है कि ईरान को अपने सशस्त्र बलों को असममित युद्ध के साथ-साथ व्यापक स्तर के युद्ध के लिए भी तैयार करना होगा।

उन्होंने कहा कि ईरान को प्रतिरोध की अधिक सक्रिय रणनीति विकसित करने की आवश्यकता है, ताकि संभावित हमलावरों को पहले ही स्पष्ट संदेश दिया जा सके।

उनकी यह टिप्पणी ईरानी सेना के प्रवक्ता के हालिया बयान के बाद आई है। सेना के प्रवक्ता ने कहा था कि देश का सैन्य सिद्धांत रक्षात्मक रुख से आक्रामक रुख की ओर बढ़ रहा है, जिसमें पूर्व-निर्धारित कार्रवाई और शुरुआती हमले से भी अधिक व्यापक जवाब देने की क्षमता शामिल है।

 

 

Next Post

ईरान ने इराकी तेल टैंकरों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी

Sat Aug 22 , 2026
तेहरान, 22 अगस्त (वार्ता) ईरान ने बगदाद के लगातार अनुरोधों के बाद कई इराकी तेल टैंकरों को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे दी है। ईरान के सरकारी मीडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी। ईरानी समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, यह अनुमति इराकी सरकार […]

You May Like