
गुना। दीपावली नजदीक आते ही गुना पुलिस ने अवैध आतिशबाजी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बमोरी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग जगहों से करीब 40 हजार रुपये कीमत के अवैध पटाखे जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बिना लाइसेंस के पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है। पुलिस ने बमोरी निवासी अब्दुल रिजवान के बाड़े पर दबिश दी, जहां खुले कमरे में भारी मात्रा में पटाखे रखे मिले। पुलिस ने मौके से करीब 15 हजार रुपये कीमत की आतिशबाजी जब्त की और आरोपी अब्दुल रिजवान (पुत्र अनवर खां, उम्र 32 वर्ष) के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसी दिन पुलिस ने ग्राम अमरोद स्थित एक दुकान पर छापा मारा। यहां हरिकिशन लोधा अपनी दुकान में अवैध रूप से पटाखे बेच रहा था। पुलिस ने दुकान से करीब 25 हजार रुपये कीमत के पटाखे बरामद किए और आरोपी हरिकिशन (पुत्र रतनलाल लोधा, उम्र 36 वर्ष) के खिलाफ कार्रवाई की। बमोरी थाने की इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मचल सिंह मंडेलिया और उनकी टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध विस्फोटक और पटाखों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
