नयी दिल्ली, 21 जून (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल का औसत भाव बढ़ गया। चावल के साथ गेहूं में भी तेजी रही। चीनी में मंदी का रुख देखा गया, जबकि खाद्य तेलों और दालों में उतार-चढ़ाव रहा।
सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 50 रुपये बढ़कर सप्ताहांत पर 3,868 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 37 रुपये महंगा हुआ और 2,788 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। आटे का भाव 16 रुपये चढ़कर 3,264 रुपये प्रति क्विंटल हो गया।
सप्ताह के दौरान उड़द दाल की औसत कीमत 19 रुपये और तुअर दाल की 18 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। मसूर दाल भी नौ रुपये महंगी हुई। वहीं, चना दाल आठ रुपये गिर गयी। मूंग दाल के भाव में टिकाव देखा गया।
खाद्य तेलों में भी साप्ताहिक उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मूंगफली तेल 182 रुपये और पाम ऑयल 43 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया। वहीं, वनस्पति 143 रुपये और सूरजमुखी तेल 109 रुपये महंगा हुआ। सरसों तेल में 81 रुपये और सोया तेल में 59 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़त रही।
मीठे के बाजार में बीते सप्ताह गुड़ का औसत भाव दो रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। दूसरी तरफ, चीनी पांच रुपये सस्ती हुई।
