
छतरपुर। दहेज की कुरीति का एक और मामला सामने आया है, जहां शादी तय होने के बाद अचानक पैसों की मांग बढ़ाने पर रिश्ता टूट गया। घटना से आहत पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
पिपट थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हौरी निवासी गनपत अहिरवार के अनुसार, उनकी बेटी शारदा अहिरवार की शादी देरी रोड स्थित कृष्णा कॉलोनी निवासी देवेन्द्र अहिरवार से तय हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति से 20 अप्रैल 2026 को विवाह होना था। पहले से तय शर्तों के तहत एक मोटरसाइकिल और 50 हजार रुपए दहेज में देने की बात हुई थी।
लेकिन 6 अप्रैल को लड़के पक्ष ने अचानक 5 लाख रुपए अतिरिक्त देने की मांग रख दी। जब लड़की पक्ष ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए असमर्थता जताई, तो लड़के पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया और सगाई का सामान भी लौटा दिया।
परिवार का कहना है कि शादी की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। निमंत्रण पत्र बांटे जा चुके थे और अन्य व्यवस्थाएं भी तय थीं। ऐसे में अंतिम समय पर रिश्ता टूटने से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सामाजिक और मानसिक आघात भी पहुंचा है।
घटना के बाद से परिवार गहरे तनाव में है। पीड़ित ने बताया कि बेटी और उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्हें किसी अनहोनी की भी आशंका सता रही है।
फिलहाल पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर मांग की है कि दहेज की अतिरिक्त मांग कर रिश्ता तोड़ने वाले पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
