इंदौर:बाणगंगा थाना क्षेत्र में ग्राहकों से रुपए को लेकर विवाद कर रहे व्यक्ति को रोकना ढाबा संचालक को भारी पड़ गया। विवाद के बाद आरोपी अपने परिवार के सदस्यों को लेकर पहुंचा और संचालक के साथ लाठी-डंडों व पाइप से मारपीट कर दी.फरियादी प्रमेन्द्र सिंह रघुवंशी उम्र 45 साल निवासी न्यू दुर्गा नगर, ने पुलिस को बताया कि वह कुसुम बाटिका स्थित साईधाम ढाबे पर बैठा था. इसी दौरान उसके ढाबे के सामने रहने वाला संदीप चौहान वहां बैठे ग्राहकों से रुपए को लेकर विवाद करने लगा. फरियादी ने उसे ग्राहकों के साथ ऐसा करने से मना किया तो संदीप गाली-गलौज करने लगा.
विरोध करने पर वह अपने घर गया और भाई नितिन, हरिओम तथा पिता चम्पालाल को लेकर लाठी-डंडे और पाइप के साथ वापस आया. चारों ने मिलकर फरियादी के साथ मारपीट की. संदीप ने लोहे के पाइप से उसके सिर पर वार किया, जिससे खून निकलने लगा. हरिओम ने पैर में डंडा मारा, जबकि नितिन और चम्पालाल ने लात-घूंसों से मारपीट की. बाणगंगा पुलिस ने संदीप चौहान, नितिन, हरिओम और चम्पालाल के खिलाफ केस दर्ज किया है.
