
भोपाल। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, अरेरा हिल्स में 2 नवंबर को ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत विशेष कानूनी जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) मनोहर लाल पाटीदार, जिला न्यायाधीश एवं सचिव हिमांशु कौशल और जिला विधिक सहायता अधिकारी मोहम्मद जीलानी विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस दौरान बच्चों को गुड टच और बैड टच, बाल अधिकारों, बाल संरक्षण कानून और सरकार की ओर से उपलब्ध कानूनी सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। न्यायिक अधिकारियों ने पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, बाल शोषण की रोकथाम और ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी मार्गदर्शन किया।
बच्चों को समझाया गया कि किसी भी असहज स्थिति में चुप रहने के बजाय अपने शिक्षकों और परिजनों को इसकी जानकारी दें।
अभियान के तहत विद्यालय के चयनित शिक्षकों को भी बच्चों की सुरक्षा और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से जुड़े पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। विद्यालय के प्राचार्य गौरव कुमार द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि अंत में शिक्षिका भावना जायसवाल ने आभार व्यक्त किया।
