एक दिन में चार संदिग्ध मौत : हत्या, हादसा या आत्महत्या में उलझी जांच

इंदौर: शहर में शनिवार से रविवार के बीच महज 24 घंटे के भीतर चार संदिग्ध मौतों ने पुलिस को उलझन में डाल दिया है. कहीं फंदे पर लटका शव मिला तो कहीं घर से कुछ ही दूरी पर अकाउंटेंट मृत अवस्था में पड़ा मिला. वहीं एक महिला, एक सेल्समैन और एक युवक की भी संदिग्ध हालात में मौत हुई. पुलिस सभी मामलों की जांच अलग-अलग थानों में कर रही है, लेकिन चारों घटनाओं ने शहर में सनसनी फैला दी है.

चारों घटनाएं अलग-अलग क्षेत्रों में हुईं, लेकिन सभी में परिस्थितियां संदिग्ध हैं. जूनी इंदौर पुलिस रितिक की मौत को लेकर हत्या या आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है, जबकि अन्य तीन मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर केस के पीछे अलग परिस्थिति है, लेकिन सभी की जांच बारीकी से की जा रही है. पहली घटना जूनी इंदौर क्षेत्र की है.

यहां की राजमहल कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान में 28 वर्षीय रितिक फुलगकर का शव फंदे पर लटका मिला. चौंकाने वाली बात यह थी कि उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे और मुंह पर कपड़ा लिपटा था. जिससे पुलिस के सामने यह सवाल खड़ा हो गया कि यह हत्या है या आत्महत्या. मकान मालिक राजेश चांदवानी के मुताबिक, रितिक मजदूरी करता था और ऊपरी मंजिल पर अकेला रहता था, जबकि नीचे चौकीदार दंपती रहते हैं. रितिक शादीशुदा था, पत्नी-बच्चे निहालुपुरा में रहते हैं. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और परिजन से पूछताछ की जा रही है.

सड़क किनारे मिला अकाउंटेंट का शव
तुकोगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले 35 वर्षीय सुशील पारिख की लाश घर से करीब आधा किलोमीटर दूर सड़क किनारे मिली. लोगों ने परिजनों को सूचना दी, जिन्होंने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक सुशील की मौत हो चुकी थी. वह एक निजी ट्रेडिंग कंपनी में अकाउंटेंट थे और रोज देर रात घर लौटते थे. पुलिस प्राथमिक जांच में गिरने से सिर पर चोट या हार्ट अटैक की संभावना बता रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

रविदासनगर की महिला की संदिग्ध मौत
हीरानगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 40 वर्षीय संतोषी की अचानक मौत हो गई. परिजन शव को एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम कराया. पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा. प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के हिंसक लक्षण नहीं मिले हैं.

सेल्समैन और चायवाले की भी मौत
लसूड़िया क्षेत्र निवासी सेल्समैन अतुल प्रताप की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई. परिवार के अनुसार अतुल को लंबे समय से पेट फूलने की शिकायत थी और इलाज चल रहा था. शनिवार रात उसकी हालत अचानक बिगड़ी और मौत हो गई. वहीं, गांधीनगर में रहने वाले 45 वर्षीय प्रकाश ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. वह चाय की दुकान पर काम करता था और पत्नी से विवाद के बाद एक साल से मां के साथ रह रहा था. कल दोपहर उसने जहर खा लिया, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई.

Next Post

2016 का स्मृति ग्रंथ बना सिंहस्थ 2028 का आधार

Mon Oct 27 , 2025
उज्जैन: मोक्षदायिनी मां शिप्रा के तट पर होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ महाकुंभ 2028 की तैयारियां अभी से जोर पकड़ने लगी हैं. खास बात यह है कि इन तैयारियों में सिंहस्थ महापर्व 2016 में प्रकाशित एक विशेष पुस्तक/शासकीय प्रतिवेदन को ‘गाइडलाइन’ के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है.उज्जैन में […]

You May Like