
मक्सी, अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित कनासिया नाका जिला उज्जैन छात्रावास में अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए 14 वर्ष से कम उम्र के 26 नाबालिग छात्र सडक़ पर उतर आए. छात्रावास से करीब एक किलोमीटर दूर एबी रोड पर छात्र लगभग दो घंटे तक बैठकर अपनी समस्याएं बताते रहे. छात्रों ने संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
आंदोलन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय पर भोजन उपलब्ध नहीं कराया जाता है. भोजन का जो चार्ट निर्धारित किया गया है, उसके अनुसार भी भोजन नहीं बनाए जाने की शिकायत छात्रों ने की. छात्रों का कहना था कि हल्की क्वालिटी का नमक भोजन में आए दिन कंकड़ पत्थर और बाल निकलने की समस्या सामने आती है. इसके अलावा छात्रावास परिसर में मच्छरों की समस्या से भी बच्चे परेशान हैं तथा उन्हें पर्याप्त मच्छरदानी उपलब्ध नहीं कराई गई है.
छात्रों ने यह भी बताया कि छात्रावास में कई दिनों से ट्यूबवेल बंद पड़ा है, जिसके कारण पानी की परेशानी बनी हुई है. शिकायत करने पर बच्चों ने छात्रावास संचालन से जुड़े मास्टर साहब पर पाइप से मारने तथा शिकायत किसी अन्य अधिकारी या व्यक्ति से करने पर छात्रावास से बाहर निकालने की धमकी देने के आरोप लगाए एवं बच्चों को मारते हुए शिक्षक का वीडियो भी दिखाए. नाबालिग छात्रों के सडक़ पर उतरने की सूचना के बाद मामले को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से जांच की मांग उठने लगी है. छात्रों एवं उनके अभिभावकों का कहना है कि यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो छात्रावास संचालन में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए. मामले में संबंधित विभाग द्वारा निष्पक्ष जांच कर बच्चों की शिकायतों की वास्तविकता सामने लाना और छात्रावास में भोजन, पानी, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना आवश्यक है.
